शिमलाः प्रदेश कांग्रेस नेताओं ने आज दिल्ली के रामलीला मैदान में कांग्रेस की किसान रैली को ऐतिहासिक बताते हुए कहा कि रैली में उमड़ी भीड़ से साफ हो गया है कि केन्द्र में भाजपा नेतृत्व वाली सरकार से लोगों का विशेषकर किसानों का मोह भंग हो गया है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी देश के लोगों के हितों से खिलवाड़ नहीं होने देगी। केन्द्र सरकार के हर जन विरोधी निर्णय का हर स्तर पर जोरदार विरोध होगा व आम लोगों की आवाज को मजबूती के साथ हर मंच पर उठाया जाएगा।
प्रदेश कांग्रेस पार्टी के महासचिव रामलाल ठाकुर, कुलदीप सिंह पठानिया, प्रवक्ता सुभाष मंगलेट व केवल सिंह पठानिया ने आज यहां एक संयुक्त बयान में कहा है कि भू-अधिग्रहण बिल पर पार्टी की केन्द्र सरकार के साथ लड़ाई व विरोध तब तक जारी रहेगा, जब तक इसमें किसानों के हित सुरक्षित नहीं किए जाते। उन्होंने कहा कि देश के किसान आज अपने भविष्य को लेकर चिंतित है। एक ओर जहां देश में बैमौसमी बारिश से किसानों की फसलें बुरी तरह बर्बाद हो गई हैं, वहीं दूसरी तरफ उनके खिलाफ भू-अधिनियम जैसे बिल ने उनकी कमर तोड़ कर रख दी है।
किसानों ने मंडियों में गेहूं व तिलहन की फसलें लाकर रख दी हैं, बावजूद इसके सरकार इनकी खरीद तक नहीं कर रही है। बारिश के कारण खुले में पड़ी ये फसलें बर्बाद हो रही है और केंद्र सरकार को किसानों की कोई चिंता नहीं है।
कांग्रेस नेताओं ने कहा कि मोदी सरकार का 11 माह के कार्यकाल की कोई उपलब्धि नहीं है। भाजपा के नेता अपनी पीठ अपने आप ही थपथपा रहे हैं। भाजपा ने इस दौरान ऐसी कोई भी योजना या नया कार्य शुरू नहीं किया है, जिससे देश के लोगों का कोई भला हो रहा हो। मोदी सरकार का अब तक का कार्यकाल केवल कांग्रेस पार्टी पर झूठे आरोप लगाने में ही गुजर गया है। उन्होंने कहा कि प्रदेश के लोग भाजपा के चुनावी जुमलों को अब जान चुके हैं।
कांग्रेस नेताओं ने कहा है कि पार्टी भाजपा के हर झूठे आरोप का मुंहतोड़ जबाव देगी। इसकी शुरूआत आज नई दिल्ली में किसान रैली से शुरू हो गई है।