ऊना (एमबीएम न्यूज़) : पुलिस थाना अंब के तहत बीजापुर में पेश आए सड़क हादसे में दो महिलाओं की मौत हो गई। मृतक महिला की पहचान नीलम पत्नी विनोद कुमार निवासी गांव चमेड़ू जयसिंहपुर कांगड़ा व नीतू पत्नी जितेंद्र निवासी गांव लोट उतराला तहसील बैजनाथ जिला कांगड़ा के रूप में हुई है। हादसे में पांच लोग गंभीर जख्मी हुए है। घायलों में दो का पीजीआई चंडीगढ़ व तीन का क्षेत्रीय अस्पताल ऊना में उपचार जारी है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए ऊना अस्पताल में भेज दिया है। वहीं मामले की जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार बैजनाथ का एक परिवार हरियाणा से जयसिंहपुर कांगड़ा के लिए जा रहे थे। बीजापुर पहुंचने पर अचानक कार के आगे नीलगाय आ गई। गाय को बचाने के चक्कर में कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे रेलिंग से टकरा गई। हादसे में कार चालक विनोद कुमार, नीलम तथा तनीषा, विनोद कुमार निवासी गांव चमेड़ू जयसिंहपुर कांगड़ा, जितेंंद्र, नीतू, ईशान और आराध्या निवासी गांव लोट उतराला तहसील बैजनाथ जिला कांगड़ा गंभीर रूप से जख्मी हो गए।
सभी को 108 रोगी वाहन की मदद से उपचार के लिए तुरंत सिविल अस्पताल अंब लाया गया। जहां उनकी गंभीर हालत को देखते हुए सातों घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद क्षेत्रीय चिकित्सालय ऊना रेफर कर दिया गया। हादसे में गंभीर घायलों विनोद, नीलम, जितेंद्र व नीतू को पीजीआई चंडीगढ़ रेफर कर दिया गया। पीजीआई में उपचार के दौरान नीतू व नीलम की मौत हो गई।
डीएसपी अंब जितेंद्र चौधरी ने बताया कि पुलिस मामले की जांच कर रही है। मामले को लेकर घायलों के ब्यान कलमबद्ध किए जा रहे हैं।