बिलासपुर (अभिषेक मिश्रा) : नम्होल पंचायत के बागकलां गांव में आधी रात महिला के कमरे में घुसने के कृत्य को अंजाम देने वाले पुलिस कर्मी को विभाग ने निलंबित कर उसके खिलाफ जांच बिठा दी है तथा इस पुलिस कर्मचारी की गंभीर हालत को देखते हुए उसे जिला अस्पताल में भर्ती करवा दिया गया है। विभाग ने पुलिस कर्मी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।
पुलिस कर्मी की पहचान दिनेश निवासी सोहरी के रूप में हुई है और यह कर्मचारी सुरक्षा शाखा में तैनात था। डीएसपी सोमदत्त ने मामले की पुष्टि की है। जानकारी के अनुसार महिला के कमरे में घुसने से पहले आरोपी ने उसके पति को शराब पिलाई थी। पति के शराब के नशे में धुत्त होने के बाद मौके का फायदा उठाते हुए वह महिला के कमरे में घुस गया। महिला के साथ ही परिजनों को जैसे ही इस बात का पता चला, उन्होंने शोर मचाना शुरू कर दिया।
इसी दौरान अन्य सदस्यों ने उसे पकड़ लिया। मामले का खुलासा होने के बाद गांव के लोग भी वहां इकट्ठे हो गए। कुछ प्रत्यक्षदशियों ने बताया कि पुलिस के मौके पर पहुंचने से पहले लोगों ने पुलिस कर्मी की जमकर धुनाई कर उसका काला मुंह करने के बाद उसके बाल भी काट दिए। रात भर उसकी धुनाई करने के बाद लोगों ने बरमाणा पुलिस को सुबह पांच बजे मामले की जानकारी दी।
सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने लोगों के बयान के आधार पर पुलिस कर्मी को वहीं से गिरफ्तार कर लिया गया है। वहीँ इस मामले में आरोपी पुलिस कर्मचारी ने भी क्रॉस एफ़आईआर दर्ज करवा दी है। पुलिस कर्मचारी ने अपने ब्यान में कहा की की वह रात को अपने घर जा रहा था और रास्ते में कुछ लोगो ने उसकी गाडी को रोका और पुरानी रंजिश के चलते उस पर हमला कर दिया और उस पर यह झूठा केस दायर कर दिया।
आरोपी पुलिसकर्मी दिनेश कुमार ने कहा की इन लोगो ने पूरी प्लानिंग के साथ इस घटना को अंजाम दिया ! बहरहाल पुलिस ने दोनों पक्षों की तरफ से क्रॉस ऍफ़आईआर दर्ज कर ली है।