मंडी (वी कुमार) : उपमंडल की सुलपुर जबाथ पंचायत के जबोठ गाँव में सड़क के किनारे खड़ी
एक नई कार को अनजान व्यक्ति द्वारा आग लगा कर जला देने का समाचार है। पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार रमेश कुमार ने अपनी नई इंडिगो कार (DL4 C-1579) अपने घर के पास सड़क पर खड़ी की थी।
रात 12 बजे के करीब घर में सोये हुए एक व्यक्ति को कार के शीशे तड़कने की आवाज आई और वो बढ़ती गई। यह देख कर उसने घर के अन्य लोगों को जगाया और वे सड़क के किनारे पंहुच गए। जहाँ देखा कि उनकी नई खरीदी कार धूं-धूं कर जल रही थी। घर वालों ने कार में लगी आग को बुझाने का प्रयास किया, लेकिन कार में पेट्रोल होने से एकदम पूरी जल कर राख हो गई।
पुलिस को घटना बारे सूचित किया। पुलिस ने घटनास्थल पर आकर स्थिति का जायजा लेकर जांच शुरू कर दी और अनजान व्यक्ति के विरुद्ध मामला दर्ज कर लिया। डीएसपी मदन धीमान ने घटना की पुष्टि की है।