नाहन (एमबीएम न्यूज) : साल 2013 में कांग्रेस सरकार ने नाहन विधानसभा क्षेत्र के पीएचसी में ताला जड़ दिया। इससे क्षेत्र के हजारों लोग स्वास्थ्य सुविधा से वंचित हो गए। मगर भाजपा ने संघर्ष शुरू कर दिया। लिहाजा मेहनत अब रंग लाई है। सरकार ने प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र की अधिसूचना को जारी कर दिया है।
यह बात धौलाकुआं पंचायत के प्रधान व नाहन भाजपा मंडल उपाध्यक्ष मलकीत सिंह ने कही है। यहां जारी एक संयुक्त बयान में उप प्रधान सुरेंद्र पाल, बीडीसी सदस्य टेक चंद, मंडल महामंत्री बृजेश गोयल, कुलदीप ठाकुर व रतन चौधरी इत्यादि ने कहा कि इस केंद्र से हजारों लोगों को फायदा मिलता था। पूर्व भाजपा सरकार के दौरान इस पीएचसी के नए भवन को बनाने का काम पूरा कर लिया गया था। लेकिन मौजूदा सरकार ने इसे बंद कर दिया।
उन्होंने कहा कि विधायक डॉ. राजीव बिंदल ने विधानसभा में भी इस मामले को लगातार उठाया। यहां तक की भारी बारिश में मुख्यमंत्री के काफिले को भी रोक दिया गया था। मजबूरन मुख्यमंत्री को पीएचसी की घोषणा करनी पड़ी। पंचायत प्रधान ने कहा कि इलाकावासियों के संघर्ष का ही नतीजा है कि तीन साल के कष्ट के बाद सरकार को झुकने पर विवश होना पड़ा।