पांवटा साहिब (एमबीएम न्यूज): शुकवार देरशाम जब पूर्व मुख्यमंत्री प्रो. प्रेम कुमार धूमल कार्यकर्ताओं से मिले तो थके होने की बात कही। लेकिन शनिवार को रामलीला ग्राऊंड में भीड़ को पाया तो थकान काफुर हो गई। हालांकि भीड़ जुटाने में शिलाई के विधायक बलदेव तोमर के साथ-साथ डॉ. राजीव बिंदल की भी भूमिका रही होगी, क्योंकि शहर के करीब इन हलकों की मौजूदगी भी है। अब तक धूमल राज्य में पांच रैलियां इससे पहले कर चुके हैं।
इस हलके में पूर्व सीपीएस सुखराम चौधरी ही धूमल की पसंद हैं। यह अलग बात है कि मदन शर्मा भी इस बार टिकट के दावेदार हो सकते हैं। जुटी भीड़ व भाजपा नेताओं की मौजूदगी से शहर भगवा रंग में रंगा नजर आया। हालांकि पूर्व सीएम ने अधिकतर पुरानी बातों को ही रिपीट किया, लेकिन स्थानीय मुद्दों को भी छूने की कोशिश की। सबसे महत्वपूर्ण बात यह रही कि पूर्व सीपीएस सुखराम चौधरी का संबोधन भी प्रभावशाली रहा।
सीधे-सीधे चौधरी ने विधायक किरनेश जंग चौधरी को निशाने पर रखा। यह कहा, वह जानते हैं 10 करोड़ की लागत से किसका मकान बन रहा है। जिसके लिए रातों रात लकड़ी पहुंचती है। नदियों से रेत व बजरी के खुदान पर चौधरी ने कांग्रेसियों पर इसकी आड़ में मोटी कमाई करने का भी आरोप लगाया। कहा, उत्तराखंड व हरियाणाा में खनिज संपदा को रोजाना भेजा जा रहा है। प्रतिदिन 20 से 40 ट्रक जाते हैं। प्रति ट्रक 50 से 60 हजार रुपए की कमाई हो रही है।
रैली में धूमल बोले…
पांवटा नगर परिषद के रामलीला मैदान में शनिवार को भाजपा की माफिया हटाओ, प्रदेश बचाओ रैली हुई। रैली में पूर्व मुख्यमंत्री प्रेम कुमार धूमल ने कहा कि केंद्र सरकार ने प्रदेश को 61 एनएच दिए। लेकिन, प्रदेश सरकार एक भी डीपीआर बना कर नही दे सकी। इसके लिए केंद्र सरकार से 229 करोड़ मंजूर किया गया था। कहा कि सेब वालों ने सेब वालों को भी नहीं छोड़ा। आज प्रदेश की जनता परेशान है।
सिरमौर पहुंच कर जिले की जनता पर सीएम कटाक्ष करते है। लेकिन, वह एक बात साफ करते हैं, कि सिरमौर की जनता बिकाऊ नहीं, बल्कि टिकाऊ है। सिरमौर में पंच प्यारे (पांचों विधायक) हमें जनता देगी तो सिरमौर में विकास की रफ्तार और तेज होगी। पूर्व सीएम ने कहा कि केंद्र सरकार रेलवे को बढ़ावा देना चाहती है। लेकिन, कांग्रेस सरकार भूमि अधिग्रहण में अड़ंगा डालती है। जिससे योजना कार्य शुरु होने से पहले ही लटक जाता है। कांग्रेस पर जमकर हमला करते हुए कहा कि प्रदेश सरकार के राज में माफिया राज चल रहा है।