ज्वाली (दौलत चौहान) : उपमंडल ज्वाली के अंतर्गत हरसर पंचायत के हवाल में तेंदुए द्वारा करीब 22 मेमनों को मार दिया गया। प्राप्त जानकारी के अनुसार गद्दी समुदाय से संबंध रखने वाले महेंद्र सिंह पुत्र राजमल निवासी लग (शाहपुर) ने पिछले करीब सवा महीने से हवाल में अपनी भेड़-बकरियों के साथ डेरा डाल रखा है तथा सोमवार को देर सायं मेमनों को एक बड़े टोकरे के नीचे बंद करके अपनी भेड़-बकरियों को चराने के लिए निकल गया।
महेंद्र सिंह ने बताया कि जब वह भेड़-बकरियों को चरा कर आया तो टोकरा दूर पड़ा था व मेमने जहां-वहां मरे पड़े थे। महेंद्र सिंह ने कहा कि यह सब देखकर उसके पैरों के नीचे से जमीन खिसक गई, क्योंकि उनकी आय का एकमात्र साधन ही भेड़-बकरियां हैं।
महेंद्र सिंह ने इसकी सूचना पंचायत हरसर के प्रधान देस राज को दी। इसके बारे में वन रक्षक हरसर विवेक कुमार को भी सूचित किया गया।
मंगलवार को सुबह पंचायत प्रधान देस राज ने पंचायत प्रतिनिधियों के साथ घटनास्थल पर जाकर मौका देखा। वन रक्षक विवेक कुमार भी मौका पर पहुंच गए तथा वेटरिनरी डॉक्टर ने मौका पर पहुंचकर मेमनों का पोस्टमार्टम किया। वन रक्षक विवेक कुमार ने बताया कि इसकी रिपोर्ट बनाकर डीएफओ नूरपुर को भेजी जाएगी।
पंचायत प्रधान देस राज ने बताया कि करीब 22 मेमनों को बाघ ने मार दिया गया है। उन्होंने प्रशासन से गुहार लगाई है कि महेंद्र सिंह को यथोचित आर्थिक सहायता प्रदान की जाए।