ऊना (एमबीएम न्यूज़) : पुलिस थाना गगरेट के तहत बाईवाला के समीप अज्ञात टेंपो ने एक बाईक को टक्कर मार दी। हादसे में बाईक सवार दो युवकों में से एक की मौत हो गई। मृतक की पहचान शेखर कलोतरा पुत्र सोमनाथा निवासी जांलधर के रूप में हुई है। दर्दनाक हादसे के बाद अज्ञात टेंपो चालक घटनास्थल से फरार हो गया।
घायल युवक को घटनास्थल से गुजरने वाले वाहन सवार उपचार के लिए होशियारपुर ले गए हैं। यातायात पुलिस गगरेट ने मामला दर्ज कर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है। बताया जा रहा है कि शुक्रवार को महा शिवरात्रि पर्व पर जालंधर के कमल बिहार का तेइस वर्षीय शेखर कलोतरा पुत्र सोम नाथ अपने दोस्त लवीश कुमार के साथ द्रोण शिव मंदिर शिवबाड़ी में माथा टेकने आ रहा था।
अभी उनकी बाइक होशियारपुर-गगरेट सड़क मार्ग पर बाईंवाला के समीप पहुंची थी कि विपरीत दिशा से आ रहे एक अज्ञात टेंपो ने मोटरसाइकिल को टक्कर मार दी। इसके चलते मोटरसाइकिल सवार युवक सिर के बल पक्की सड़क पर जा गिरे। शेखर के सिर पर गहरा जख्म होने पर उसने मौका पर ही दम तोड़ दिया जबकि लवीश गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे घटनास्थल से गुजरने वाले एक वाहन में सवार लोग उपचार के लिए होशियारपुर ले गए।
घटना की जानकारी मिलते ही गगरेट पुलिस ने मौका पर पहुंच कर शव का पंचनामा कर शव कब्जे में लेकर मामला दर्ज कर लिया है। मृतक शेखर के परिजनों को भी इस दुर्घटना बावत सूचित कर दिया है। परिजनों के अनुसार शेखर द्रोण शिव मंदिर में माथा टेकने गया था।
यातायात पुलिस प्रभारी प्रवेश कुमार ने बताया कि शव का पोस्टमार्टम करवाया जा रहा है और अज्ञात टेंपो चालक की तलाश की जा रही है।