नाहन (एमबीएम न्यूज): कालाअंब हाईवे पर स्थित वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला मोगीनंद में 14 फरवरी को ठीक 12 बजे एक अनोखा नजारा होगा। स्काउटस एवं गाइडस की कोशिश रंग लाई तो विश्व रिकॉर्ड बन जाएगा। दरअसल तंबाकू के प्रयोग के खिलाफ स्काउटस एवं गाइडस के 80 छात्र एक मिनट में कागज के 8 हजार हवाई जहाज उड़ाएंगे। औसतन एक छात्र करीब 100 जहाज उड़ाने का लक्ष्य लेकर मैदान में उतरेगा।
इसके लिए भौतिक विज्ञान के प्रवक्ता व समन्वयक संजीव अत्री ने खास तरह की टे्रनिंग भी छात्रों को दी है। कागज के इन जहाजों पर तंबाकू के खिलाफ संदेश लिखा होगा। सामुदायिक सेवा परियोजना के तहत स्काउट मास्टर संजीव अत्री के निर्देशन में खैनी, जर्दा, उड़ता पंछी जैसे तंबाकू पदार्थों के बारे में अभियान छेड़ा गया था। चार महीने में 80 हजार लोगों को जागरूक किया गया है। एक हजार लोगों से तंबाकू का सेवन न करने के शपथपत्र भी भरवाए गए हैं। सात हजार नारे व चित्र भी बनाए गए हैं।
संदेश वाहक जहाजों के माध्यम से जागरूकता फैलाने का कार्यक्रम अब बनाया गया है। अत्री का कहना है कि इस रिकॉर्ड को जांचने के मकसद से गिनीज बुक ऑफ वल्र्ड रिकॉर्ड के प्रतिनिधियों की टीम पहुंच चुकी है। उन्होंने बताया कि कागज के संदेशवाहक जहाजों को उड़ाने के बाद इन्हें लोगों में वितरित किया जाएगा।
खास बात यह है कि संदेशवाहक जहाज बनाने के लिए रद्दी कागजों व ड्राईंग शीटस का इस्तेमाल किया गया है। गौरतलब है कि औद्योगिक क्षेत्र में तंबाकू पदार्थों का बड़े पैमाने पर इस्तेमाल होता है। गौरतलब है कि मोगीनंद स्कूल के स्काउटस एंड गाइड टीम प्रदेश में दूसरी सबसे बड़ी टीम है।
इनके नाम दर्ज है रिकॉर्ड..
अत्री बताते हैं कि फिलहाल यह रिकॉर्ड आईआईटी कानपुर के छात्रों के नाम है, जहां 1500 छात्रों ने 2100 जहाज उड़ाए थे। यह कार्यक्रम इसलिए भी जुदा है, क्योंकि यहां स्कूली छात्र इस अभियान का हिस्सा बने हैं। जबकि आईआईटी के छात्र प्रोफैशनल होते हैं।