पावंटा साहिब ( एमबीएम न्यूज़ ): युवा व्यवसायी अनिंदर सिंह नौटी को पांवटा व्यापार मंडल का कार्यकारी अध्यक्ष नियुक्त किया गया है। यह नियुक्ति हिमाचल प्रदेश राज्य व्यापार मंडल (रजि.) के राज्य प्रधान ओम प्रकाश सैनी ने की है। अपनी शक्तियों का प्रयोग करते हुए राज्य प्रधान ने नवनियुक्त कार्यकारी अध्यक्ष अनिंदर सिंह नौटी को कार्यकारिणी की आगामी बैठक में चुनाव की तिथि पर निर्णय लेने का भी निर्देश दिया है।
राज्य अध्यक्ष ओम प्रकाश सैनी ने बताया कि पूर्व व्यापार मंडल अध्यक्ष संजय सिंघल के इस्तीफे से यह पद रिक्त हुआ था। सिंघल की स्तुति के आधार पर ही व्यापार मंडल में महासचिव का कार्य देख रहे अनिंदर सिंह नौटी को कार्यकारी अध्यक्ष नियुक्त किया गया है। उन्होंने आशा जताई की युवा व्यवसायी की देखरेख में व्यापारियों की समस्याओं का निवारण बेहतर ढंग से हो पाएगा।
उधर अपनी नियुक्ति पर राज्य पदाधिकारियों का आभार व्यक्त करते हुए नवनियुक्त कार्यकारी प्रधान अनिंदर सिंह नौटी ने कहा कि वह अपनी जिम्मेदारी का ईमानदारी से निर्वहन करेंगे तथा पांवटा व्यापार मंडल में शामिल 1800 से अधिक व्यापारियों के हितों की रक्षा व उनकी मांगों को पूरा करवाने के लिए प्रतिबद्धता से कार्य करेंगे।