सोलन (एमबीएम न्यूज): 25 जनवरी की रात पिंकू राम पुत्र घमीरा राम गांव पडिय़ार के सिर पर हमला कर हत्या की गई थी। इस मामले के आरोपी सोनू कुमार पुत्र रोशन लाल को दिल्ली से दबोच लिया गया है। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी फरार हो गया था। आरोपी की मोबाइल लोकेशन दिल्ली में पाई जा रही थी।
इसके बाद बागा थाना प्रभारी कुलवंत सिंह के नेतृत्व में एक विशेष टीम गठित की गई। इसके सदस्य आरक्षी नरेंद्र व मानक के अलावा मुख्य आरक्षी रमेश व आरक्षी शशिपाल थे।
इस टीम को सोनू कुमार को दिल्ली से गिरफ्तार करने में सफलता मिली है। दाड़लाघाट के डीएसपी नरवीर सिंह ने पुष्टि करते हुए कहा कि पुलिस गंभीरता से इस मामले की तफ्तीश कर रही है। उन्होंने कहा कि आरोपी ने पूछताछ के दौरान अपना जुर्म कबूल कर लिया है। आरोपी को न्यायालय में पेश किया जाएगा। पुलिस रिमांड के दौरान गहन पूछताछ करके हत्या के वास्तविक कारणों का पता लगाया जाएगा।
क्या है मामला..
बागा क्षेत्र में उस समय सनसनी फैल गई थी, जब एक व्यक्ति की खून से लथपथ लाश मंदिर की सराय में बरामद हुई। बाबा बालक नाथ मंदिर की सराय से मृतक पिंकू राम ने बुधवार की रात अपनी पत्नी को फोन किया था कि वह लेट हो गए हैं, लिहाजा रात को घर नहीं आऊंगा। सुबह सराय में ही दूध भेज देना।
पत्नी जब सुबह दूध लेकर मंदिर सराय पहुंची तो उसके होश उड़ गए, क्योंकि पिंकू राम का शव मुंह के बल था। परिजनों ने हत्या की आशंका जताई थी। साथ ही पुलिस को बताया था कि कुछ दिन पहले मृतक ने अवैध खनन की शिकायत भी वन विभाग से की थी।