नाहन (एमबीएम न्यूज) : कांग्रेस भवन के नजदीक अपर स्ट्रीट में शहर की खूबसूरती पर अज्ञात लोग बदनुमा दाग लगाने पर आतुर हैं। गजब की बात यह है कि एक दर्जन के आसपास घर हैं, जो कतई भी गली में गंद नहीं फैंकते हैं। शाम व सुबह महलात की घाटी पर मौजूद डंपर में घरेलू कूड़ा फेंकने निकलते हैं। लेकिन इन्हीं घरों के आगे अज्ञात लोग कूड़े का ढ़ेर लगा देते हैं।
तडक़े ही गंदगी का ढेर लगाकर चंपत हो जाते हैं। अब इस बारे में आसपास के लोगों ने सीसी कैमरे लगाने की भी कोशिश शुरू कर दी है, ताकि उनके घरों के बाहर कूड़ा कौन फैंकता है, इसका पता लगाया जा सके। शक है कि इसी मोहल्ले के ऊपरी क्षेत्र से कूड़े के ढ़ेर यहां डंप कर दिए जाते हैं। घरों के बाहर गंदगी का ढेर तो लगा दिया जाता है, लेकिन चंद मीटर की दूरी पर डंपर में इसे डालने की जहमत नहीं उठाई जाती।
लक्ष्मी नारायण मंदिर के समीप रहने वाले एक बुजुर्ग सुंदर सिंह को भी लोग रोज महलात की घाटी पर रखे डंपर में कूड़ा फैंकते देखते हैं, जो चलने में भी पूरी तरह से समर्थ नहीं हैं। कुल मिलाकर यह बात साफ है कि अब शहर की खूबसूरती को बहाल करने के लिए खुद शहरवासियों को भी आगे आना पड़ेगा। इस तरह से गंदगी फैलाने वालों की मौके पर ही पोल खोलनी होगी।