हरिपुरधार (एमबीएम न्यूज): संगड़ाह उपमंडल में ताजा हिमपात हुआ है। हरिपुरधार में लगभग आधा फुट बर्फ पड़ी है, जबकि मां भंगयाणी माता मंदिर परिसर में पौना फुट के आसपास हिमपात की सूचना है। चूड़धार चोटी पर भी हिमपात जारी होने की खबर आ रही है। बर्फबारी होते ही तमाम सडक़ें अवरुद्ध हो गई हैं। संगड़ाह से डलयाणू तक ही वाहन चल रहे हैं।
मिली जानकारी के मुताबिक बीती देर शाम हल्का हिमपात हुआ, लेकिन देररात भारी बर्फबारी शुरू हो गई, जो सुबह तक जारी रही। इलाके में लगभग दो फुट बर्फ पड़ी थी। इस पर नई बर्फ की परत जम गई है। दो दिन पहले ही संगड़ाह-हरिपुरधार मार्ग को छोटे वाहनों के लिए बहाल किया गया था। इसी दौरान तकरीबन 30 पंचायतों के लोगों ने अपना जरूरी सामान जुटाने में फुर्ती दिखाई, क्योंकि 16 जनवरी के बाद फिर बर्फबारी की चेतावनी जारी की गई थी।
उधर अंतरराष्ट्रीय रेसलर द ग्रेट खली के गांव में भी जमकर बर्फबारी हुई है। खली के गांव नैनीधार में सफेद चादर का मैदान बन गया है। झकांडो पंचायत के अलावा गत्ताधार, नौहराधार व चांदपुरधार इत्यादि इलाकों में भी ताजा हिमपात हुआ है। इस साल सिरमौर के लगभग 50 प्रतिशत क्षेत्र में बर्फबारी हुई है, जो अपने में एक रिकॉर्ड भी हो सकता है। यहां तक की इस बार खनन क्षेत्र के समीप दुगाना में भी बर्फ पड़ी। उधर सिरमौर के मैदानी इलाकों में बारिश के कारण तापमान में गिरावट आई है।