मंडी (वी कुमार) : बीते करीब 20 वर्षों से सराज कांग्रेस में जो गुटबाजी चली हुई है, उसे शायद अब एकजुटता का रूप देने का प्रयास किया जा रहा है। बता दें कि सराज में कांग्रेस कई गुटों में बंटी हुई है और सब गुटबाजी टिकट को लेकर ही है। यही कारण है कि कांग्रेस का गढ़ मानी जाने वाली सराज विधानसभा क्षेत्र में बीते 20 वर्षों से पार्टी का प्रत्याशी जीत हासिल नहीं कर पा रहा है। सराज से कांग्रेस के टिकट के करीब आधा दर्जन उम्मीदवार हैं और यह सभी अपनी डफली अपना राग अलापते हैं।
सराज कांग्रेस के प्रभारी आश्रय शर्मा ने इन सभी टिकटार्थियों को एकजुट करने का प्रयास शुरू कर दिया है। शनिवार को सभी टिकटार्थियों के साथ प्रभारी आश्रय शर्मा ने एक बैठक और उपरांत इसके पत्रकारों को संबोधित किया। आश्रय शर्मा ने बताया कि टिकट के सभी दावेदारों ने यह तय किया है कि वह सराज में किसी भी व्यक्ति विशेष के लिए प्रचार नहीं करेंगे और सिर्फ पार्टी के लिए ही प्रचार किया जाएगा।
इसके साथ ही यह भी तय हुआ कि पार्टी जिसे भी टिकट देगी, बाकी के लोग उसके साथ कंधे से कंधा मिलाकर चलेंगे और पार्टी को सराज से हर हाल में जीत दिलाई जाएगी। साथ ही टिकट के सभी दावेदारों ने चुनावी वर्ष में होने वाली बैठकों और अन्य कार्यक्रमों को भी संयुक्त रूप से आयोजित करने का निर्णय लिया ताकि पार्टी को मजबूती दी जा सके।
बता दें कि इस वक्त सराज से टिकट के दावेदारों में मिल्क फैडरेशन के चेयरमैन चेत राम ठाकुर, भूमि सुधार बैंक के अध्यक्ष पंडित शिवलाल, युवा कांग्रेस के पूर्व प्रदेश महासचिव महेंद्र ठाकुर, तारा ठाकुर और सराज ब्लाक कांग्रेस के अध्यक्ष जगदीश रेड्डी को नाम मुख्य रूप से चल रहा है। अब देखना दिलचस्प होगा कि इन टिकटार्थियों ने एकजुटता की जो हामी भरी है वह कितने दिनों तक सच साबित रहती है।