नाहन (एमबीएम न्यूज) : ठीक दो सप्ताह बाद संगडाह-हरिपुरधार मार्ग छोटे वाहनों के लिए खुल गया है। इसके चलते सैंकडों सैलानी बर्फ का मजा लेने हरिपुरधार पहुंचने लगे है। शनिवार को मकर सक्रांति के पावन अवसर पर प्राचीन मां भंगायणी माता मंदिर में हजारों की संख्या में श्रद्धालु पहुंचे।
लगभग साढे 7 हजार फुट की ऊंचाई पर प्राचीन मंदिर में इस वक्त ढाई फुट के आसपास बर्फ की चादर बिछी हुई है। हालांकि बसों व भारी वाहनों के लिए सडक बहाल नहीं हो पाई। एचआरटीसी की सेवाएं ढलयाणू तक ही दी जा रही है।
बर्फबारी के बाद इस सडक की बहाली को लेकर जिला के लोगों समेत पर्यटकों को काफी इंतजार था। ढलयाणू तक भी पर्यटकों की काफी भीड उमड रही थी। मगर आज सडक बहाल होने का सरप्राइज मिलते ही पर्यटकों ने हरिपुरधार का रूख करने में कतई भी समय नहीं गंवाया।
शुक्रवार देर दोपहर इक्का दुक्का वाहन ही हरिपुरधार की तरफ गए थे। लेकिन शनिवार को वाहनों का हुजूम उमड पडा।