नाहन (एमबीएम न्यूज): हिमाचल पथ परिवहन निगम ने नाहन से चंडीगढ़ की सीधी बस सेवा उपलब्ध करवाई है। यह बस यहां से सुबह साढ़े 11 बजे चलेगी, जबकि वापसी की बस चंडीगढ़ से 12 बजे मिलेगी। सिटी ब्यूटीफुल से यह इकलौती बस सेवा है। हालांकि लांग रूट पर बसों की कोई कमी नहीं है।
शिकायत रहती थी कि नाहन की सवारियों को दोसडक़ा उतार दिया जाता है या फिर चंडीगढ़ से नाहन के टिकट नहीं काटे जाते हैं। इसी के मद्देनजर अप एंड डाऊन में दो बसें इस रूट पर चलेंगी। इसके अलावा सुबह साढ़े 10 बजे के बाद चंडीगढ़ की तरफ एचआरटीसी की दूसरी बस सेवा तीन बजे उपलब्ध थी। साढ़े 10 बजे की बस छुटने के बाद देर दोपहर को ही एचआरटीसी की सेवा उपलब्ध थी।
यह अलग बात है कि बीच में हरियाणा रोडवेज की बस मिल जाती थी। हालांकि शिमला के लिए नाहन से सीधी बस सेवा उपलब्ध है, लेकिन अब सुबह सवा पांच बजे भी बस शुरू कर दी गई है, जो साढ़े 9 बजे शिमला पहुंच जाती है। इससे सराहां विकास खंड को भी फायदा मिला है।
उधर पांवटा साहिब से सतौन के लिए भी शाम साढ़े पांच बजे बस सेवा उपलब्ध करवा दी गई है। शिमला से पांवटा साहिब बस 2 बजे के आसपास पहुंच जाती थी। यही बस शाम को साढ़े 5 बजे पांवटा बस स्टैंड से सतौन जाएगी। वापसी अगले दिन सुबह सवा सात बजे होगी।
क्षेत्रीय प्रबंधक संजीव बिष्ट ने कहा कि सतौन से पांवटा साहिब चलने वाली बस को कालाअंब तक चलाने पर भी विचार-विमर्श चल रहा है। उन्होंने कहा कि चंडीगढ़ को सीधी बस सेवा मिली है, जबकि शिमला को अतिरिक्त सीधी बस सेवा शुरू की गई है।