मंडी(वी कुमार): कोटमोरस पंचायत के साथ लगते जंजोही गांव के एक व्यक्ति पर तेंदुए ने हमला करके उसे बूरी तरह से घायल कर दिया। घायल का जोनल हास्पिटल में उपचार करवाया गया है। ग्रामीणों ने प्रशासन से तेंदुए को जल्द पकड़ने की मांग उठाई है।
घायल चेत राम के अनुसार दोपहर 12 बजे के बाद वह अपने भतीजे टेक चंद के साथ लकडि़यां लाने के लिए जंगल में गया। जब चेत राम लकडि़यां काट रहा था तो उसी वक्त झाडि़यों में छुपे तेंदुए ने अचानक उस पर हमला कर दिया। तेंदुए के हमले को देखते हुए उसने वहां से भागने की कोशिश की लेकिन तेंदुए ने उसकी एक बाजू को अपने जबड़े में जकड़ लिया था। यह देख चेत राम और उसका भतीजा टेक चंद जोर-जोर से चिल्लाकर शोर मचाने लगे। शोर सुनता देख तेंदुआ वहां से भाग गया और चेत राम तथा उसका भतीजा घायल अवस्था में घर चले गए। जहां से उसे परिजनों ने जोनल हास्पिटल लाया और उपचार करवाया।
चेत राम ने बताया कि उनके इलाके में तेंदुए हैं लेकिन आज दिन तक किसी व्यक्ति पर तेंदुए ने कभी हमला नहीं किया। यह पहला वाक्या है। वहीं ग्रामीणों ने शासन और प्रशासन से इस तेंदुए को जल्द से जल्द पकड़ने की मांग उठाई है। पूर्व बीडीसी
सदस्य दीवान चंद ठाकुर ने पीडि़त को मुआवजा देने के साथ ही इलाके में पिंजरा लगाने की मांग भी की है ताकि आदमखोर होते जा रहे तेंदुए को पकड़ा जा सके। वहीं इस घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल देखने को मिल रहा है। बता दें कि कुछ वर्ष पहले मंडी जिला की सिराज घाटी में भी इसी प्रकार के आदमखोर तेंदुए की दहशत देखने को मिली थी और उसने कई लोगों को मौत के घाट उतार दिया था। अब एक बार फिर से जिला में आदमखोर तेंदुए की दहशत से लोग खौफ में हैं।