मंडी (वी कुमार): नशीला केला खिलाकर दुराचार का मामला सामने आया है। अदालत के माध्यम से पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। सरकाघाट उपमंडल की भावला पंचायत की रहने वाली बीएससी नर्सिंग के प्रथम वर्ष में पढ़ रही नेरचौक स्थित निजी शैक्षणिक संस्थान की छात्रा ने अपने ही गांव के एक युवक पर लगातार दो महीने तक दुराचार करने का आरोप लगाया है।
मामले को सार्वजनिक करने पर जान से मारने की धमकी भी दी गई। पीडि़ता ने बताया कि 19 जुलाई को जब वह अपने कॉलेज से घर लौट रही थी तो उसी के गांव का एक युवक उसी बस में बैठा था। पीडि़ता के मुताबिक सीट खाली देखकर आरोपी युवक भी उसके साथ बैठ गया। कुछ ही देर बाद उसने पीडि़ता को एक केला खाने को दिया। इंकार करने पर आरोपी ने उसे अपने बहकावे में देकर उसे केला खिला दिया।
पीडि़ता के मुताबिक केला खाने के बाद वह अद्र्धमूर्छित हो गई। गंतव्य पर पहुंचने पर वहां आरोपी के मुंह बोले चाचा भी उसे मिल गए। इसके बाद आरोपी के कथित चाचा के घर उसे ले गए, जहां उसे मुंह बंद रखने को कहा गया। शोर मचाने पर जान से मारने की धमकी दी गई। पीडि़ता के मुताबिक प्यास लगने पर उसे पानी में नशीला पदार्थ मिलाकर भी दिया गया।
दुराचार करने के बाद जबरदस्ती एक हल्फिया बयान के कागज पर हस्ताक्षर लिए गए। उससे कहा गया कि यह शादी का राजीनामा है। घर पर सूचना देने की कोशिश की तो उसके हाथ से मोबाइल छीन लिया गया। पीडि़ता के मुताबिक एक महीने से दुराचार किया जा रहा था। चंगुल से छूटने के बाद पूरी घटना से मां को अवगत करवाया।
इसके बाद मामला मंडी थाना पहुंचा। कोई कार्रवाई न होने पर मुख्यमंत्री समेत डीजीपी से गुहार लगाई गई। कोई कार्रवाई न होने पर अदालत की शरण ली गई। सरकाघाट के डीएसपी मदन धीमान ने मामला दर्ज होने की पुष्टि की है।