धर्मशाला (एमबीएम न्यूज) : स्वास्थ्य विभाग कांगड़ा द्वारा आज यहां सघन पल्स पोलियो प्रतिरक्षण
से संबंधित जिला टास्क फोर्स की बैठक का आयोजन किया गया। बैठक की उपायुक्त कांगड़ा सीपी वर्मा ने की। उन्होंने जिला कांगड़ा में पल्स पोलियो अभियान के अन्तर्गत दो चरणों में 0 से 5 वर्ष तक की आयु के 1 लाख 28 हजार बच्चों को पोलियो की दवा पिलाई जाएगी। प्रथम चरण 29 जनवरी, 2017 तथा दूसरा चरण 2 अप्रैल, 2017 को सम्पन्न होगा।
![](https://mbmnewsnetwork.com/wp-content/uploads/2017/01/bethak-300x167.jpg)
उन्होंने कहा कि जिला में 1070 बूथों पर पल्स पोलियो दवा पिलाई जाएगी। इसके साथ 26 ट्रांजिट प्वाईंट, बसों में सफर करने वाले बच्चों के लिए तथा 240 विशेष बूथ झुग्गी-झोंपड़ियों आदि में रहने वाले बच्चों के लिए लगाए जाएंगे। उन्होंने कहा कि इस अभियान को सफल बनाने के लिए 4280 कर्मचारी तथा 214 सुपरवाईजर तैनात किए गए हैं।
उन्होंने समस्त विभागाध्यक्षों को निर्देश देते हुए कहा कि इस अभियान को सफल बनाने के लिए स्वास्थ्य विभाग के साथ इस कार्य को करने में अपना सहयोग दें।
वर्मा ने कहा कि 0 से 5 वर्ष तक की आयु वाले बच्चों के अविभावकों से भी आह्वान किया कि वे अपने बच्चों को नजदीकी पल्स पोलियो बूथ पर ले जाकर पोलियो की बूंदें अवश्य पिलाएं। उन्होंने कहा कि जिला के समस्त उपमंडल अधिकारियों को भी इस सम्बन्ध में निर्देश दिये हैं कि वे अपने उपमंडलों में भी पल्स पोलियो अभियान को सफल बनाने के लिये आवश्यक कदम उठायें। इसके अतिरिक्त सभी शिक्षण संस्थानों को भी निर्देश दिये गये हैं कि वे अपने-अपने संस्थानों मेें अभियान के बारे जागरूकता फैलायें।
बैठक में जिला टीकाकरण अधिकारी डॉ0 चित्रा ने पल्स पोलियो अभियान बारे में विस्तृत जानकारी दी। इस अवसर पर एएसपी विजय सकलानी, डॉ0 दिनेश महाजन, डॉ0 अनुराधा, समस्त ब्लॉक चिकित्सा अधिकारी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित थे।