संगड़ाह (एमबीएम न्यूज): रेणुका जी भाजपा युवा मोर्चा अध्यक्ष बिजेंद्र शर्मा ने कांग्रेस की गुटबाजी पर चुस्की ली है। शर्मा ने कहा कि सीपीएस विनय कुमार के सिपाही हमेशा बीजेपी को बदनाम करने के मकसद से गुटबाजी को लेकर छीटाकशी करते हैं। मगर आज जो कुछ हरिपुरधार में हुआ है, उस पर अब कांग्रेस क्या कहेगी।
सार्वजनिक तौर पर इस हलके में कांग्रेस की गुटबाजी सामने आ गई है। शर्मा ने कहा कि कांग्रेस अपना स्थापना दिवस मना रही है, लेकिन पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष के कार्यक्रम से कांग्रेस मंडल के पदाधिकारियों के साथ सीपीएस भी गैर हाजिर हो जाते हैं। इसका मतलब साफ है कि भाजपा में गुटबाजी नहीं है, बल्कि कांग्रेस पूरी तरह से इस निर्वाचन क्षेत्र में गुटबाजी का शिकार हो चुकी है।
शर्मा ने कहा कि कांग्रेस की गुटबाजी की वजह से ही इस निर्वाचन क्षेत्र का विकास प्रभावित हो रहा है। युवा मोर्चा अध्यक्ष ने कांग्रेस को साफ शब्दों में सोच समझ कर बयानबाजी करने की नसीहत दी है। उन्होंने कहा कि समूचे विधानसभा क्षेत्र में आज कांग्रेस की सरेआम गुटबाजी के प्रदर्शन की चर्चा हो रही है।