मंडी (वी कुमार) : वालीबाल के खिलाड़ी के तौर पर दुनिया के कई देशों में भारत का झंडा बुलंद कर चुके देश राज शर्मा का निधन हो गया है। वह 80 साल के थे। मंडी जोनल अस्पताल में उनका निधन हुआ। वह जिले के धर्मपुर विधानसभा क्षेत्र के इलाका संधोल की धनाला पंचायत के गांव नैंगल के रहने वाले थे। बीती शाम को हारसीपतन में व्यास नदी किनारे उनका अंतिम संस्कार किया गया।
इस मौके पर बड़ी तादाद में इलाके के लोग मौजूद रहे। देश राज शर्मा हिमाचल पुलिस से अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक के रूप में रिटायर हुए थे। वह पहले पंजाब पुलिस में थे तथा बाद में हिमाचल पुलिस में आए थे। वालीबाल के वे इंटरनेशनल प्लेयर रहे और जकार्ता इंडोनेशिया में हुई चौथी एशियन गेम्सए प्री ओलंपिक समेत जापान कोरिया व कई देशों में उन्होंने भारत का प्रतिनिधित्व किया तथा सैंकड़ों मेडल हासिल किए थे। उन्हें एशिया में वालीबाल का बेस्ट बुस्टर खिताब भी मिला था।
एक तेजतर्रार अधिकारी के रूप में सेवाएं देते हुए सेवानिवृति के बाद उन्होंने पंडित सुख राम द्वारा बनाई गई हिमाचल विकास कांग्रेस के संस्थापक सदस्य के रूप में काम करना शुरू किया तथा वह इसके प्रमुख पदाधिकारी भी रहे। पंडित सुख राम द्वारा अपने ही स्तर पर जब 2004 में हिविकां का विलय कांग्रेस में कर दिया था तो देश राज ने हिविकां का अस्तित्व बरकरार होने का दावा करते हुए उसके अध्यक्ष के रूप में भी कार्य किया।
वह अपने पीछे एक बेटा व तीन बेटियां छोड़ गए हैं। उनकी एक बेटी मंडी नगर परिषद की पार्षद सुमन ठाकुर है। उनके निधन से प्रदेश ने एक इंटरनेशनल खिलाड़ीए एक तेज तर्रार पुलिस आफिसर व एक नेता खो दिया है।