शिमला (एमबीएम न्यूज): प्रदेश को 25 साल बाद व्हाइट क्रिसमस मिला है। 25 दिसंबर 1991 को प्रदेश के इलाकों ने सफेद चादर ओढ़ी थी। हर साल इस दिन बर्फबारी का इंतजार बेसब्री से होता था, लेकिन सूखे के दौर में अचानक ही कुदरत ऐसा तोहफा देगी, किसी को अंदाजा नहीं था। रोचक बात यह है कि इस बार कोई व्हाइट क्रिसमस की उम्मीद भी नहीं कर रहा था।
मौसम विभाग के निदेशक डॉ. मनमोहन सिंह का कहना है कि रिकॉर्ड के मुताबिक 1991 में क्रिसमस के दिन बर्फ पड़ी थी। हालांकि दिसंबर महीने में बर्फ कई बार पड़ी, लेकिन क्रिसमस के दिन ऐसा 25 साल में हुआ है। पांगी, रोहतांग, कल्पा, पूह, हरिपुरधार, चूड़धार, खड़ा पत्थर, सोलन के ऊंचाई वाले क्षेत्रों में हिमपात दर्ज हुआ है। पांगी में आधा फीट तक बर्फ की खबर है।
राजधानी ने भी सफेद चादर ओढ़ रखी है। बर्फ की खबर फैलते ही प्रदेश के आसपास के राज्यों से सैलानियों ने रुख कर लिया है। राज्य के अलग-अलग हिस्सों में दो से तीन एमएम बारिश भी दर्ज हुई है। प्रदेश के अधिकतर इलाकों में बारिश की सूचना है।