धर्मशाला (एमबीएम न्यूज): कांग्रेस के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष राहुल गांधी कुछ हटकर करते हैं। देवभूमि में अपने प्रवास के दौरान भी कुछ ऐसा ही किया। रैली निपटने के बाद नगरोटा बगवां निकले थे। रास्ते में फास्टफूड का ठेला दिख गया। तपाक से काफिले को रुकवा दिया। एआईसीसी ने ही राहुल की इस तस्वीर को टवीटर के जरिए साझा किया।
इस तस्वीर में राहुल ठेले वाले से बर्गर पकड़ते नजर आ रहे है। कांग्रेसियों का दावा है कि कांग्रेस उपाध्यक्ष का ठेले पर रुकना पूर्व संयोजित नहीं था। रोचक बात यही रही कि जब रेहड़ी के सामने खड़े होकर राहुल बर्गर खाने लगे तो साथ में कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष ने भी बर्गर का स्वाद लिया। उधर कुल्लू नाटी पर कांग्रेस उपाध्यक्ष के ठुमके जमकर यू-टयूब पर अपलोड हो रहे हैं।
पुलिस ग्राऊंड में कुल्लवी नाटी के लिए विशेष परिधानों में महिलाएं व अन्य पहुंचे थे। राहुल भी नाटी की थिरकन के लिए कलाकारों के बीच पहुंच गए। कुल मिलाकर रेहड़ी वालों व नाटी के कलाकारों के लिए राहुल का टूर जीवन भर के लिए यादगार बन गया है।