नाहन (एमबीएम न्यूज) : एचआरटीसी के नाहन डिपू के 35 वर्षीय चालक प्रकाश चंद ने सरकारी बस (एचपी18बी-0885) के अंदर ही फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली है। बीती शाम सात बजे चालक नाहन से बस को लेकर कौलावालाभूड गया था। सुबह करीब 9 बजे घटनास्थल पर पहुंची टीम ने छानबीन शुरू कर दी है।
मृतक चालक शंभुवाला क्षेत्र का रहने वाला बताया जा रहा है। इस घटना की जानकारी लोगों को सुबह मिली। हालांकि पुलिस हरेक पहलू से जांच कर रही है लेकिन लोग इस सवाल का जवाब ढूंढ रहे है कि बस के भीतर फंदा कैसे लगाया जा सकता है। बस के भीतर की ऊंचाई 6 से 7 फुट के बीच ही होती है।
बीती शाम इस बस में सफर करने वाले यात्री नवीन ठाकुर ने बताया कि बस चालक सामान्य तरीके से बस चला रहा था। अंतिम समाचार तक पुलिस को कोई भी सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है। पुलिस ने हादसे की पुष्टि की है।
गौरतलब है कि लगभग 5 साल पहले नाहन बस स्टैंड पर भी परिचालक ने बस के भीतर ही आत्महत्या कर ली थी। उस वक्त घटना को हत्या से जोडकर भी बताया गया था।
स्थानीय निवासी संदीप ने बताया कि सुबह ही घटनास्थल पर पहुंचकर पुलिस ने जांच शुरू कर दी थी।