सोलन (एमबीएम न्यूज़) : विश्व कबड्डी विजेता अजय ठाकुर को विश्व में भारत व हिमाचल प्रदेश का नाम रोशन करने के लिए मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह ने पाइनग्रोव स्कूल धर्मपुर में टी-20 क्रिकेट टूर्नामेंट के समापन समारोह में सम्मानित किया। मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह ने अंतरराष्ट्रीय कबड्डी खिलाड़ी अजय ठाकुर को हिमाचली टॉपी व शॉल पहना कर सम्मानित किया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने अजय ठाकुर को 51 हजार रुपए का चेक भी भेंट किया।
इस मौके पर मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह ने कहा कि हिमाचल प्रदेश में प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है। उन्होंने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि हिमाचल प्रदेश युवा राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय स्तर पर देश व प्रदेश का नाम रोशन कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि विश्व कबड्डी विजेता अजय ठाकुर को सरकार जल्द ही कोई अहम जिम्मेदारी सौंपेंगी। इस मौके पर विश्व कबड्डी विजेता अजय ठाकुर ने मीडिया से रूबरू होते हुए कहा कि यदि मैं कबड्डी न खेल रहा होता तो मैं सेना में भर्ती होकर देश की रक्षा कर रहा होता।
अजय ठाकुर ने कहा कि उन्हें छोटी उम्र से ही कबड्डी तथा अन्य खेलों को शौक रहा है तथा इसके लिए घर पर उन्हें माकुल माहौल भी मिला है। उन्होंने कहा कि उनके पिता छोटू राम भी कबड्डी खेला करते थे। अपने चाचा एवं कोच जयपाल चंदेल के मार्गदर्शन में उन्होंने कबड्डी खेल के क्षेत्र में पांव रखा। वर्ष 2004 में उनका चयन साई स्पोट्र्स हॉस्टल बिलासपुर के लिए हुआ। यहां कोचिंग लेने के दौरान ही उन्होंने हरियाणा के सोनीपत में आयोजित ऑल इंडिया इंटर साई मीट में भाग लिया तथा बेस्ट रेडर के खिताब से पुरस्कृत किया गया।
अजय ठाकुर ने एक प्रश्र के जवाब में कहा कि उनका भी हर खिलाड़ी की तरह सपना था कि वह भी विश्व चैंपियन टीम का हिस्सा बने। इसके लिए उन्होंने दिन-रात कड़ी मेहनत की। यही वजह रही कि वह विश्व कबड्डी विजेता बनने में कामयाब हुए। उन्होंने हिमाचल के युवाओं को अपने संदेश में कहा है कि वह जिस भी खेल को चुने उसमें कड़ी मेहनत करें। क्योंकि मेहनत का फल देर सवेरे सभी को मिलता है।
उन्होंने प्रदेश के युवाओं से नशे जैसी सामाजिक बुराई से हमेशा दूर रहने का आह्वान किया है। अजय ठाकुर ने कहा कि प्रदेश सरकार खेल व खिलाडिय़ों को प्रोत्साहित कर रही है। इसके लिए वह प्रदेश सरकार के आभारी हैं।
विश्व कबड्डी विजेता अजय ने कहा कि कबड्डी के क्षेत्र में अभी बहुत कुछ करना बाकी है। उन्होंने कहा कि कबड्डी खेल गांव के साथ-साथ अब शहरों में भी लोकप्रिय हुआहै। उन्होंने कहा कि प्रो-कबड्डी में खेलते हुए उन्हें बहुत कुछ सीखने को मिला तथा इसका लाभ वल्र्ड चैंपियनशिप में उन्हें मिला है।
इस मौके पर उद्योग मंत्री मुकेश अग्निहोत्री, शहरी विकास मंत्री सुधीर शर्मा, मुख्य संसदीय सचिव, विधायकगण, विभिन्न बोर्डों व निगमों के अध्यक्ष व उपाध्यक्ष, मुख्य सचिव वीसी फारक, डीजीपी संजय कुमार सहित वरिष्ठ अधिकारी व अन्य गणमान्य व्यक्ति भी इस अवसर पर उपस्थित थे।