सोलन(एमबीएम न्यूज़): सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री डाॅ. कर्नल धनीराम शांडिल ने कहा कि जीवन में खेल एवं पढ़ाई का समान महत्व है। डाॅ. शांडिल दुर्गा पब्लिक स्कूल में स्वर्ण जयन्ती हिमाचल प्रदेश राज्य एवं अंतर जिला टेबल टेनिस चैम्पियनशिप-2016 की तीन प्रतिस्पर्धाओं के समापन समारोह को सम्बोधित कर रहे थे। डाॅ. शांडिल ने कहा कि भारतीय समाज में आरम्भ से ही शिक्षा का सर्वोच्च स्थान रहा है। उन्होंने कहा कि वर्तमान में खेलों के विभिन्न वैश्विक आयोजनों ने यह सिद्ध कर दिया है कि खेल भी शिक्षा के साथ समान रूप से महत्वपूर्ण हैं। उन्होंने कहा कि कर्णम मल्लेश्वरी, अभिनव बिंद्रा, सुशील कुमार, योगेश्वर दत्त, साक्षी मलिक, विजेन्द्र सिंह, पीवी सिंधु तथा सानिया नेहवाल जैसे खिलाड़ियों ने पूरे विश्व को भारत की ताकत से अवगत करवाया है। उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश ने भी देश को अनेक नायाब खिलाड़ी दिए हैं। करणेश जंग, दीपक ठाकुर, सुमन रावत के साथ-साथ वर्तमान में कबड्डी के विश्वकप में अजय ठाकुर ने हिमाचली परम्परा को आगे बढ़ाया है।
उन्होंने कहा कि खेल शारीरिक एवं मानसिक स्वास्थ्य के साथ-साथ व्यक्तित्व के पूर्ण विकास में सहायक बनते हैं। खेल और स्वास्थ्य का आपस में गहरा संबंध है तथा बेहतर स्वास्थ्य के लिए सभी को जीवन में खेलों में भाग लेना चाहिए। 10 वर्ष से कम आयुवर्ग के लड़कियों के मुकाबले में कांगड़ा जिला की भाग्या ने सोलन की ईशानी को 3-2 से पराजित किया। डाॅ. शांडिल ने तीन प्रतिस्पर्धाओं तथा लड़कियों के फाईनल मुकाबले की खिलाड़ियों को सम्मानित किया। टीम प्रतिस्पर्धाओं में 10 वर्ष से कम आयुवर्ग के लड़कियों के मुकाबले में कांगड़ा की टीम पहले तथा सिरमौर की टीम दूसरे स्थान पर रही। इसी आयुवर्ग में लड़कों की प्रतिस्पर्धा में कांगड़ा की टीम प्रथम तथा सिरमौर की टीम द्वितीय स्थान पर रही।
लड़कों के सब जुनियर वर्ग में कांगड़ा की टीम प्रथम तथा सोलन की टीम द्वितीय स्थान पर रही। लड़कियों के जुनियर वर्ग में कांगड़ा की टीम पहले तथा सोलन (ए) की टीम दूसरे स्थान पर रही। लड़कों के जुनियर वर्ग में सिरमौर प्रथम तथा कांगड़ा दूसरे स्थान पर रहा। लड़कियों के यूथ वर्ग में कांगड़ा पहले तथा सोलन दूसरे, लड़कों के यूथ वर्ग में सोलन पहले तथा सिरमौर दूसरे जबकि पुरूष वर्ग में एजी हिमाचल विजेता तथा सिरमौर की टीम उप विजेता रही। इस अवसर पर पार्षद पुनीत शर्मा, शहरी कांग्रेस के अजय गुप्ता, जिला कांग्रेस प्रवक्ता मुकेश शर्मा, प्रदेश टेबल टेनिस संघ के महासचिव वाईपी राणा, सोलन जिला टेबल टेनिस संघ के अध्यक्ष हरविन्द्र सिंह, महासचिव भानू शर्मा, दुर्गा पब्लिक स्कूल के अध्यक्ष आरएस पंवर सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति, विभिन्न जिलों से आए खिलाड़ी, कोच तथा छात्र उपस्थित थे।