कालाअंब (एमबीएम न्यूज): औद्योगिक क्षेत्र कालाअंब के त्रिलोकपुर में संजय कुमार पुत्र बलबीर सिंह से 10,400 रुपए की लूट की गुत्थी पुलिस ने चंद घंटों में सुलझा कर रख दी है।मामले में चार युवकों हेमराज, रोहित शर्मा, संतोष कुमार व रमजान को गिरफ्तार कर लिया गया है। शाम तक कोर्ट में पेश किया जाएगा। वारदात को जिस तरीके से अंजाम दिया गया था, उससे समूचे इलाके में दहशत फैल गई थी।
सबसे पहले पुलिस ने इस सवाल को तलाशा, 29 अक्तूबर की रात को हुई वारदात की सूचना पुलिस को 1 नवंबर को क्यों दी गई। इस सवाल का जवाब ढूंढते-ढूंढते पुलिस को पता चला कि लूट की वारदात से संजय कुमार दहशत में आ गया था। मार पिटाई की वजह से पसली में चोट भी लगी थी। रात को पुलिस को सूचित करने की हिम्मत नहीं जुटा पाया। जब आर्मी में तैनात भाई घर आया, तब जाकर पुलिस को सूचित करने की हिम्मत जुटाई।
सूत्रों के मुताबिक पुलिस को प्रारंभिक छानबीन में यह पता चला है कि संजय कुमार पर सही मायनों में मिर्ची पाउडर डाला गया था। मोटरसाइकिल पर भी खरोंचों के निशान होने के साथ-साथ मिर्ची पाउडर फेंके जाने के साक्ष्य मौजूद हैं। सनद रहे कि त्रिलोकपुर से जब 29 अक्तूबर की रात संजय दुकान बंद करने के बाद लौट रहा था तो 4-5 युवकों ने उसे सुनसान इलाके में घेर लिया। फिर मिर्ची पाउडर डाला गया।
जब इस पर भी लूट की वारदात को अंजाम नहीं दिया जा सका तो संजय पर चादर डाल कर बटुआ छीन लिया गया। इसी दौरान संजय ने रोहित शर्मा उर्फ रिंकू को पहचान लिया।