नाहन (एमबीएम न्यूज): संगड़ाह उपमंडल के नौहराधार में रात करीब साढ़े 10 बजे शराब के नशे में होटल कर्मी ने तेजधार हथियार घोंप कर दूसरे कर्मी युवक की हत्या कर दी है। प्रारंभिक छानबीन में पता चला है कि आरोपी ने पीछे से पीठ पर चाकू से वार किया। जख्मी हालत में मृतक काफी देर तक लहूलुहान पड़ा रहा।
मृतक की शिनाख्त शिलाई के शिल्ली गांव के 21 वर्षीय विजय कुमार पुत्र कल्याण सिंह के तौर पर की गई है। आरोपी चंद्र कुमार भी चौहान होटल में वेटर का काम करता था। आधी रात को दोनों को बीच शराब के नशे में कहासुनी हो गई। इस पर गुस्साए चंद्र ने रसोई में रखे चाकू से विजय पर हमला कर दिया। उस समय होटल में कोई ओर मौजूद नहीं था। साथ लगते बीयर बार के मालिक विक्रम ने सबसे पहले लहूलुहान हालत में मृतक को देखा। फौरन ही चौहान होटल के मालिक को इसकी इत्तला दी गई।
108 की मदद से विजय को राजगढ़ अस्पताल ले जाया जा रहा था। लेकिन रास्ते में ही उसने दम तोड़ दिया। दीपावली से पहले इस वारदात से पूरे इलाके में सनसनी फैली हुई है। सूत्रों के मुताबिक पुलिस ने आरोपी युवक को हिरासत में ले लिया है। शव को पोस्टमार्टम के लिए आईजीएमसी शिमला रैफर किया गया है। नौहराधार चौकी प्रभारी नीलकांत ने पुष्टि करते हुए कहा कि आईपीसी 302 के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है।