शिमला (एमबीएम न्यूज़) : कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी की बेटी प्रियंका बृहस्पतिवार को एक बार फिर शिमला पहुंची। शिमला के नजदीक छराबड़ा में प्रियंका वाड्रा अपना आशियाना बना रही है, जिसका निर्माण कार्य अब अंतिम चरण में है। प्रियंका गांधी दिल्ली से चंडीगढ़ तक हवाई मार्ग से आई जबकि चंडीगढ़ से शिमला का सफर उन्होंने सड़क मार्ग से तय किया।
दोपहर करीब 12 बजे प्रियंका शिमला पहुंच गई। पहले वह होटल गयीं और उसके बाद तैयार होकर तुरंत अपने मकान पर पहुंच गयीं। जहां उन्होंने अपने निर्माणाधीन मकान का जायजा लिया तथा आर्किटेक्ट के साथ कई बातें साझा कीं। बताया जाता है कि प्रियंका ने अपने घर के हर कोने को गहनता से जांचा और जरूरी निर्देश दिए।
सूत्रों के अनुसार प्रियंका गांधी कल शुक्रवार को भी अपने आशियाने में समय बिताएंगी तथा शनिवार को दिल्ली वापिस लौट जाएंगी।
प्रियंका गांधी शिमला में अपने इस मकान को देखने के लिये कई बार आ चुकी हैं। विगत माह भी उन्होंने छराबड़ा का दौरा किया था। इस मकान का निर्माण कार्य अब अंतिम चरण में है तथा आगामी दिनों में वह अपने आशियाने में गृह प्रवेश कर सकती हैं। ढलानदार छत वाले इस घर को प्रियंका पूरी तरह से पहाड़ी शैली में बना रही है।