नाहन (एमबीएम न्यूज) : वीरवार को शिलाई में भाजयुमो कार्यकर्ताओं के खिलाफ आपराधिक मामला दर्ज होने पर प्रतिनिधिमंडल एसपी सौम्या सांबशिवन के समक्ष हाजिर हुआ। सवाल किया गया, भाजयुमो कार्यकर्ताओं के खिलाफ तो मामला दर्ज किया गया है, लेकिन कांग्रेसी कार्यकर्ताओं के खिलाफ कोई भी मामला दर्ज नहीं हुआ है। भाजयुमो के नवनियुक्ति जिलाध्यक्ष कुलदीप राणा के नेतृत्व में यह प्रतिनिधिमंडल एसपी कार्यालय पहुंचा था।
सनद रहे कि इससे पहले भाजपा जिलाध्यक्ष सुखराम चौधरी व विधायक बलदेव तोमर के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल ने डीएसपी भीष्म ठाकुर से भी इस मसले पर मुलाकात की थी। 48घंटे के भीतर युवा कांग्रेसियों के खिलाफ मामला दर्ज करने की मांग की गई थी। बकायदा अल्टीमेटम दिया गया था।
उधर एसपी से मुलाकात करने से पूर्व भाजयुमो कार्यकर्ताओं ने दिल्ली गेट पर सर्जिकल स्ट्राइक पर अनुचित टिप्पणियां करने पर दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल का पुतला फूंका। भाजयुमो जिलाध्यक्ष कुलदीप राणा ने कहा कि सर्जिकल स्ट्राइक को लेकर अनाप-शनाप टिप्पणियों को कतई बर्दाश्त नहीं किया जा सकता।