कुल्लू (एमबीएम न्यूज़) : हिमाचल प्रदेश के राज्यपाल महामहिम आचार्य देवव्रत ने परिधिगृह में शुक्रवार को न्यूज प्लस पत्रिका के अंक का विमोचन किया। इस मौके पर उन्होंने जैविक खेती तथा नशा मुक्त भारत आदि अपने मिशन के लक्ष्य के विचार सांझा किए। इस बारे में अधिक से अधिक लोगों को जागरूक करने के लिए लेख लिखते रहे, ताकि पूरे प्रदेश ही नहीं देश के वासी जैविक खेती को अपनाएं। साथ ही अपने पारम्परिक मूल्यों के पतन से बचाने के लिए अपनी भूमिका निभाते रहे।
न्यूज प्लस के प्रधान सम्पादक एवं देवदर्शन मीडिया ग्रुप के निदेशक तारा चंद थरमाणी ने राज्यपाल आचार्य देवव्रत से पत्रिका के विमोचन के दौरान कहा कि जिस मिशन को लेकर आप जिन जिन बिन्दुओं पर कार्य कर रहे हैं, पत्रिका उन बिन्दुओं को अपने अगले अंक के दो पेजों में जरूर फोकस करेगी और आगे भी अपनी ओर से अपना सहयोग रहेगा। वहीं देवदर्शन चैनल में भी जैविक खेती के बारे में कार्यक्रम का प्रसारण समय-समय पर करते रहेंगे।
न्यूज प्लस के सम्पादक एवं देवदर्शन मीडिया ग्रुप के निदेशक डीआर गौतम ने राज्यपाल का स्वागत किया, वहीं उन्होंने अंक के विमोचन पर आभार भी जताया ओर कहा कि न्यूज प्लस की पूरी टीम निष्ठा से कार्य कर रही है। उनकी मेहनत के कारण ही पत्रिका के अंकों को जनता तक पहुंचाने के लिए सफलता मिल रही है। इस मौके पर राज्यपाल ने कहा कि मीडिया समाज का आईना है। जनता की आवाज है तथा सरकार की योजनाओं को जनता तक पहुंचाने का सशक्त माध्यम है।
साथ ही उन्होंने कहा भले ही हर अच्छी खबर को हर मीडिया संस्थान प्राथमिकता के आधार पर प्रकाशित एवं प्रसारित करता है, किन्तु वर्तमान समय में जिन समस्याओं के कारण देश जूझ रहा है, उन्हें भी समय-समय पर प्राथमिकता के आधार पर प्रकाशित करना हर मीडिया संस्थानोंं का दायित्व है, उन्होंने कहा कि हिमाचल एक पहाड़ी प्रदेश है और यहां जैविक खेती के अत्यधिक विकल्प है, ताकि प्रदेश में जैविक खेती को उभारा जाए तथा सिक्कम की तर्ज पर हिमाचल को भी एक साधन सम्पन्न राज्य बनाया जाए।
वहीं इस अवसर पर बेसहारा पशुओं पर भी चिंता जाहिर की कि इस समस्या के समाधान के लिए समाज के हर वर्ग को आगे आना चाहिए।