नाहन (एमबीएम न्यूज) : देश व प्रदेश के किसानों के अधिकारों व उनके संरक्षण को लेकर ग्राम पंचायत कोलर में भारतीय किसान यूनियन के राष्ट्रीय अध्यक्ष चौधरी नरेश टिकैत की अध्यक्षता में एक आपातकालीन बैठक का आयोजन किया गया। बैठक की अध्यक्षता करते हुए भारतीय किसान यूनियन के प्रधान सरदार ओंकार सिंह, विशेष अतिथि व प्रदेश किसान यूनियन के अध्यक्ष अधिवक्ता सुखदेव सिंह गिल ने केंद्र सरकार से मांग उठाई कि प्रत्येक किसान के 60 रुपए के वार्षिक बीमा किश्त पर किसान की साधारण मृत्य होने पर भी उसे पांच लाख रुपये की धनराशि दी जाए। यही नहीं किसान के बच्चों को शिक्षा ग्रहण करने हेतु ब्याजमुक्त ऋण देने की व्यवस्था की जाए। उन्होंने यह भी मांग की है कि किसानों को मकान बनाने हेतु चार फीसदी वार्षिक दर पर ऋण उपलब्ध करवाया जाए।
बैठक की अध्यक्षता करते हुए जिला प्रधान सरदार औंकर सिंह ने प्रदेश में किसानों की समस्याओं व जंगली जानवरों द्वारा उनकी फसलों को होने वाले नुकसान का मुआवजा दिलवाए जाने, प्राकृतिक आपदा की स्थिति में किसानों के नुकसान की पर्याप्त भरपाई करवाने जाने की मांग भी उठाई। कार्यक्रम में विशेष रूप से उपस्थित भारतीय किसान यूनियन के राष्ट्रीय अध्यक्ष चौधरी नरेश टिकैत ने कहा कि केंद्र सरकार को चाहिए कि वे प्रत्येक राज्यों के मुख्यमंत्रियों को यह भी आदेश जारी करें कि हर राज्य के सीएम प्रदेश स्तर पर भारतीय किसान यूनियन की बैठक बुलाए और उनकी समस्याओं का समाधान करें।
भारतीय किसान यूनियन की प्रदेश इकाई ने राष्ट्रीय अध्यक्ष के समक्ष सरकार कार्यालयों में किसानों द्वारा उठाई गई विभिन्न समस्याओं के समाधान को समयबद्ध सीमा में हल करवाए जाने की भी मांग रखी। राष्ट्रीय अध्यक्ष चौधरी नरेश टिकैत ने अपने संबोधन में विभिन्न राज्यों से आए किसानों को विश्वास दिलाया कि अन्य राज्यों सहित हिमाचल के किसानों की भी सभी समस्याओं के हल वास्ते भारतीय किसान यूनियन राष्ट्रीय स्तर पर हर संभव कदम उठाएगी। यही नहीं अगर जरूरत पड़ी तो प्रदेश के किसानों की समस्या के लिए वे हर स्तर पर जाकर सहयोग भी करेंगे।
इस मौके पर उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, हरियाणा, हिमाचल सहित प्रदेश के कई जिलों के वरिष्ठ किसान यूनियन के पदाधिकारियों सहित राज्य वरिष्ठ उपाध्यक्ष भारतीय किसान यूनियन नसीम मोह मद दीदान, जिलाध्यक्ष औंकार सिंह, सरदार प्रीतम सिंह, यासीन, पूर्व प्रधान हरि सिंह, कैलाश चंद शर्मा, त्रिशला, मनमोहन सिंह, पांवटा मंडल प्रधान सरदार कललजीत सिंह, सुनीता, राजाराम, कोलर के प्रधान अमर सिंह, लाल सिंह, देवेंद्र सिंह सहित सैंकड़ों किसानों बैठक में भाग लिया।