नालागढ़ (एमबीएम न्यूज) : बीबीएन में पुलिस ने बड़े ड्रग सप्लायर को या तो गिरफ्तार कर लिया है, या फिर खुद ही भाग खड़े हुए हैं। इस बात का दावा पुलिस ने आज किया है। शनिवार को पुलिस ने एक किलो 20 ग्राम अफीम की बड़ी बरामदगी करने में सफलता अर्जित की है। इस सिलसिले में नालागढ़ क्षेत्र के ही रहने वाले बूटा राम को गिरफ्तार कर लिया गया है। सैनी माजरा में नाकाबंदी के दौरान पुलिस को यह सफलता मिली। यही वह शख्स है, जो बड़े पैमाने पर भुक्की व अफीम का बीबीएन में बड़ा सप्लायर था।
पुलिस बूटा राम को दबोचने के लिए दो महीने से मेहनत कर रही थी। बरामद की गई अफीम की मार्किट वैल्यू 2 लाख रुपए हो सकती है। कुछ साल पहले भी बूटा राम को 9 किलो चूरा-पोस्त के साथ गिरफ्तार किया गया था, जिसका ट्रायल कोर्ट में चल रहा है।
डीएसपी डॉ. साहिल अरोड़ा का कहना है कि बीबीएन को नशामुक्त करने के लिए पूरी कोशिश की जा रही है। डॉ. अरोड़ा के मुताबिक पिछले कुछ महीनों में क्षेत्र के तमाम ड्रग सप्लायर्स को दबोचने में सफलता मिली है। उन्होंने माना कि जो पुलिस के शिकंजे में नहीं है, वह इलाके में सप्लाई बंद कर चुके हैं।