नाहन (एमबीएम न्यूज) : रविवार रात को कालाअंब में एक नामी उद्योग से बेशकीमती केमिकल पाउडर चुरा लिया गया। करीब 12 किस्म के इस पाउडर की कीमत 36 लाख रुपए के आसपास थी। एक केमिकल तो पांच लाख रुपए किलो तक का भी था। मंगलवार को पुलिस ने इस वारदात को अंजाम देने के आरोप में बिहार के संजीत कुमार व राणा कुमार को गिरफ्तार कर लिया, लेकिन बड़ी चुनौती इस केमिकल पाउडर की बरामदगी की थी।
वीरवार सुबह आरोपियों की निशानदेही पर दो जगहों से इसे बरामद किया गया। लगभग 8 लाख रुपए के 50 किलो केमिकल पाउडर को मारकंडा नदी के किनारे झाडिय़ों में छिपाया गया था। वहीं 29 किलो केमिकल को फैक्टरी के समीप ही छिपाकर रखा गया था। 5 लाख रुपए प्रतिकिलो के हिसाब से मिलने वाले केमिकल पाउडर की चोरी की मात्रा डेढ़ किलो थी।
पुलिस के मुताबिक आधा किलो केमिकल को आरोपी ने मारकंडा नदी में फेंक दिया था, जो चोरी के बाद उसने अपनी जेब में छिपाया था। इसके अलावा पूरी रिकवरी कर ली गई है। वीरवार शाम पत्रकारों से बातचीत करते हुए अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विनोद धीमान ने कहा कि चोरी की अपने में काफी बड़ी वारदात थी। उन्होंने कहा कि एक आरोपी पहले से फैक्टरी में काम करता था, जो कुछ दिनों से फैक्टरी नहीं गया था। उसी ने केमिकल पाउडर को चोरी करने की साजिश रची थी।