मंडी (वी.कुमार) : हिमाचल प्रदेश के मंडी जिला की एक और बेटी ने प्रदेश का नाम देश भर में रोशन किया है। जिला मुख्यालय से करीब 15 किलोमीटर दूर रंधाड़ा गांव की आरूषी शर्मा ने संयुक्त सैन्य सेवा परीक्षा को न सिर्फ पास किया है बल्कि देश भर में 5वां स्थान हासिल करके अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया है।
बता दें कि संयुक्त सैन्य सेवा परीक्षा संघ लोक सेवा आयोग द्वारा आयोजित की जाती है और इसमें देश भर बेटियां आर्मी आफिसर बनने के लिए आवेदन करती हैं। इस बार देश भर से सिर्फ 11 बेटियों का चयन किया जाना था जिसमें मंडी जिला की आरूषी शर्मा ने 5वां स्थान हासिल करके अपने सपने का साकार कर दिया है। आरूषी शर्मा के पिता हरीश चंद्र शर्मा रिटायर इंजीरियर और समाजसेवी हैं जबकि माता भारतीय खेल प्राधिकरण में उच्च अधिकारी के तौर पर कार्यरत हैं। आरूषी शर्मा ने जमा दो की पढ़ाई हिमाचल प्रदेश से ही की है जबकि पंजाब विश्वविद्यालय से जियोग्राफी आनर में स्नातक पास करके प्रथम स्थान हासिल किया है, जिसके लिए उसे गोल्ड मेडल भी मिला है।
आरूषी शर्मा ने अपनी सफलता का श्रेय अपने माता-पिता के सहयोग, आर्शीवाद व प्रोत्साहन को दिया है। आरूषी का सपना सेना में भर्ती का ही था जिसे उसने अब पूरा कर लिया है। आरूषी की सफलता पर उसके माता-पिता खुश हैं और गौरवान्वित महसूस कर रहे हैं। आरूषी के पिता ने अपनी बेटी की सफलता पर परिजनों और मित्रों को मिठाई बांटी और खुशी का इजहार किया। उन्होंने बताया कि उनकी बेटी ने एक बार फिर से प्रदेश का नाम देश भर में रोशन किया है।