शिमला, 17 जून : हिमाचल प्रदेश में विधानसभा उपचुनाव को लेकर कांग्रेस ने तीन में से दो सीटों पर प्रत्याशियों का ऐलान कर दिया है। कांग्रेस ने नालागढ़ और हमीरपुर से पिछला विधानसभा चुनाव लड़ चुके प्रत्याशियों को फिर मौका दिया है।
नालागढ़ सीट से हरदीप सिंह बाबा और हमीरपुर सीट से डॉक्टर पुष्पेंद्र वर्मा को टिकट मिला है। अब देहरा सीट पर प्रत्याशी का एलान किया जाना बाकी है। इस सीट पर पूर्व प्रत्याशी राजेश शर्मा के अलावा भाजपा के कदावर नेता व पूर्व मंत्री रमेश धवाला सहित अन्य वरिष्ठ कांग्रेस नेता टिकट की दौड़ में हैं। दूसरी तरफ भाजपा सभी तीन सीटों पर अपने प्रत्याशी पांच दिन पहले घोषित कर चुकी है।
![](http://mbmnewsnetwork.com/wp-content/uploads/2024/06/Untitled-design-5-3.jpg)
नालागढ़ से कांग्रेस प्रत्याशी हरदीप सिंह बाबा प्रदेश इंटक के अध्यक्ष भी रह चुके हैं। इसके अलावा वह स्वर्गीय वीरभद्र सिंह के नेतृत्व वाली पूर्व कांग्रेस सरकार में श्रमिक कल्याण बोर्ड के अध्यक्ष रहे थे। हरदीप सिंह बाबा की गिनती वीरभद्र सिंह परिवार के करीबियों में होती है। उनकी टक्कर भाजपा के केएल ठाकुर से होगी।
हमीरपुर सीट से प्रत्याशी बनाए गए डॉक्टर पुष्पेंद्र वर्मा सियासी परिवार से ताल्लुक रखते हैं। उनके पिता रणजीत सिंह वर्मा पूर्व में उद्योग मंत्री रह चुके हैं। डॉक्टर वर्मा सीएम सुखविंदर सिंह सुक्खू के करीबी माने जाते हैं। डॉक्टर पुष्पेंद्र वर्मा पेशे से चिकित्सक हैं। उनका मुकाबला भाजपा के आशीष शर्मा से होगा।
बता दें कि साल 2022 के चुनाव में ये तीनों सीटें निर्दलीय विधायकों के खाते में थी। देहरा से होशियार सिंह, हमीरपुर से आशीष शर्मा और नालागढ़ से केएल ठाकुर ने चुनाव जीता था। हालांकि निर्दलीय विधायक निर्वाचित होने के बाद वे सत्तारूढ़ कांग्रेस सरकार को समर्थन दे रहे थे।
इसी साल 27 फरवरी को राज्यसभा की एक सीट पर हुए चुनाव में इन तीनों ने भाजपा प्रत्याशी के पक्ष में वोट किया। इसके बाद इन्होंने विधानसभा सदस्यता से इस्तीफा दिया और भाजपा में शामिल हो गए। लोकसभा चुनाव के नतीजों से एक दिन पहले विधानसभा अध्यक्ष ने इनका इस्तीफा मंजूर किया था।
दिलचस्प बात यह है कि भाजपा ने उपचुनाव में तीनों पूर्व निर्दलीय विधायकों को प्रत्याशी बनाया है। तीनों विधानसभा हलकों में उपचुनाव के लिए नामांकन की प्रक्रिया बीते 14 जून को शुरू हुई है, जो 21 जून तक चलेगी। तीनों सीटों पर 10 जुलाई को मतदान होगा और 13 जुलाई को चुनाव नतीजे आएंगे।
@A1