शिमला, 16 जून : अंतरराष्ट्रीय ग्रीष्मोत्सव शिमला 2024 का शुभारम्भ राज्यपाल हिमाचल प्रदेश शिव प्रताप शुक्ल द्वारा दीप प्रज्वलन कर किया गया। पहली सांस्कृतिक संध्या हिमाचली कलाकारों के नाम रही जिसमें मुख्य आकर्षण नाटी किंग कुलदीप शर्मा रहे। जिन्होंने अपनी प्रस्तुति से लोगों का मन मोह लिया। इस दौरान लेडी गवर्नर जानकी शुक्ल, लोक निर्माण मंत्री विक्रमादित्य सिंह, विधायक हरीश जनारथा, महापौर नगर निगम शिमला सुरेंद्र चौहान, उपमहापौर उमा कौशल भी विशेष रूप से उपस्थित रहे।
इस अवसर पर राज्यपाल शिव प्रताप शुक्ल ने आयोजन के लिए शुभकामनाएं देते हुए कहा कि शिमला समर फेस्टिवल के लिए हिमाचल ही नहीं बल्कि दूसरे राज्यों से लोग आते हैं। फेस्टिवल के माध्यम से सांस्कृतिक परंपराओं के प्रति लोगों की जागरूकता बढ़ती है जिन्हे लोगों को अपने में समाहित करना चाहिए।
ग्रीष्मोत्सव में चयनित कलाकारों द्वारा भी नृत्य, गायन, भांगड़ा आदि गतिविधियां प्रस्तुत की गई। उत्सव में अनुमोदित कलाकार गौरव पठानिया, मनसा पंडित, ओम प्रकाश गर्ग, शांति हेटा, एनजेडसीसी पटियाला उत्तर प्रदेश (बरसाना की होली, मयूर नृत्य), जय प्रकाश शर्मा, कुलदीप धीमान तथा रमेश कटोच ने भी अपनी प्रस्तुति दी। उत्सव में पहाड़ी गायक रामेश्वर शर्मा, कविता किमटा, अरूण जस्टा और गीता भारद्वाज ने भी अपनी मधुर आवाज़ से लोगों का खूब मनोरंजन किया।
अंतरराष्ट्रीय ग्रीष्मोत्सव शिमला 2024 की दूसरी सांस्कृतिक संध्या में हिमाचल प्रदेश विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया मुख्य अतिथि होंगे। दूसरी सांस्कृतिक संध्या में अनुज शर्मा, हनी नेगी सहित बॉलीवुड पार्श्व गायक साज़ भट्ट अपनी प्रस्तुति देंगे।
@A1