पांवटा साहिब (एमबीएम न्यूज): हिमाचल प्रदेश युकां अध्यक्ष विक्रमादित्य शनिवार को कफोटा की जनसभा में बीजेपी पर जमकर गरजे। साथ ही मौजूदा सरकार की उपलब्धियां भी गिनवाई। कफोटा में जनसभा को संबोधित करते हुए युकां अध्यक्ष विक्रमादित्य सिंह ने कहा कि आम जनता का रुख देखकर यह तय हो गया है कि 2017 के विधानसभा चुनाव में कांग्रेस प्रदेश की सत्ता पुन: हासिल करने जा रही है।
युकां अध्यक्ष ने कहा कि भाजपा यह क्यों भूल रही है कि अपने कार्यकाल में मौजूदा मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह के खिलाफ कितनी साजिशें की थी। युकां अध्यक्ष ने कहा कि भाजपा इस बात को लेकर बेहद खौफजद है कि हिमाचल के मुख्यमंत्री के जनाधार को तोड़ पाना मुश्किल है। लिहाजा अनाप-शनाप बयानबाजी से जनता का ध्यान हटाना चाह रही है। युकां अध्यक्ष ने कहा कि मिशन-रिपीट में युवा कांग्रेस महत्वपूर्ण भूमिका निभाने जा रही है। उन्होंने दावा किया कि पहली बार देवभूमि में कांग्रेस रिपीट करने जा रही है।
चलो गांव की ओर अभियान में कफोटा पहुंचे विक्रमादित्य सिंह ने यह भी कहा कि ग्रामीण स्तर पर सरकार की योजनाओं को पहुंचाना जरूरी है। उन्होंने कहा कि सरकार युवाओं के रोजगार को लेकर बेहद गंभीर है। इसी वजह से कौशल विकास निगम का गठन किया गया। शिलाई के विधायक बलदेव तोमर पर तंज कसते हुए युकां अध्यक्ष ने कहा कि झूठे अनशन व ड्रामेबाजी से जनता का दिल नहीं जीता जा सकता है।
इससे पूर्व रोजगार सृजन बोर्ड के अध्यक्ष हर्षवर्धन चौहान ने भी जनसभा को संबोधित किया।
इस मौके पर युवा कांग्रेस के सिरमौर प्रभारी विकास काल्टा, शिलाई कांग्रेस मंडल अध्यक्ष सीताराम शर्मा, बलबीर, संजय ठाकुर व युकां के प्रदेश सचिव ओपी ठाकुर इत्यादि मौजूद रहे। सिरमौर प्रवास को लेकर युकां अध्यक्ष बीती देर रात ही सिरमौर पहुंच गए थे।