शिमला, 26 मई : लाहौल-स्पीति में विधानसभा उपचुनाव की वोटिंग से महज पांच दिन पहले भाजपा ने बड़ी कार्रवाई करते हुए अपने छह पदाधिकारियों को बाहर का रास्ता निकाल दिया है। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ राजीव बिंदल का लाहौल स्पीति पहुंचते ही बड़ा एक्शन सामने आया, जब उन्होंने जिलाध्यक्ष लाहौल-स्पिति एवं मंडल अध्यक्ष की संस्तुति पर पार्टी विरोधी गतिविधियों में संलिप्त पाए जाने पर छह पदाधिकारियों की सदस्यता को तुरंत प्रभाव से छह वर्ष के लिए निष्कासित किया जाता है। भाजपा से बाहर किए गए ये पदाधिकारी लाहौल-स्पीति में भाजपा के प्रत्याशी रवि ठाकुर के विरोध में काम कर रहे थे।
राजीव बिंदल ने बताया कि लोबजंग ज्ञालसन प्रदेश उपाध्यक्ष अनुसूचित जनजाति मोर्चा, पलजोर छेरिंग जिला महामंत्री, लक्ष्मण ठाकुर जिला महामंत्री, शमशेर सिंह जिला उपाध्यक्ष, पलदन नामग्याल मीडिया प्रभारी और सोनम अंगदुई मण्डल महामंत्री स्पीति को तुरंत प्रभाव से निष्कासित किया गया। उन्होंने कहा कि चुनाव के दौरान किसी भी प्रकार की पार्टी विरोधी गतिविधियों को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा पार्टी अनुशासित है और अनुशासनहीनता के खिलाफ है।
बता दें कि लाहौल-स्पीति में कांग्रेस के विधायक रहे रवि ठाकुर को अयोग्य करार दिए जाने के बाद विधानसभा उपचुनाव हो रहे हैं। रवि ठाकुर सहित कांग्रेस के छह पूर्व विधायकों ने राज्यसभा चुनाव में भाजपा प्रत्याशी को वोट किया था। विधानसभा अध्यक्ष ने व्हिप का उल्लंघन करने पर इनकी विधानसभा सदस्यता खत्म कर दी थी। इसके बाद रवि ठाकुर ने भाजपा का दामन थामा था।
भाजपा ने रवि ठाकुर को विधानसभा उपचुनाव में प्रत्याशी बनाया है। इससे 2022 के विधानसभा चुनाव में भाजपा के प्रत्याशी रहे रामलाल मारकंडा खफा हो गए और वे निर्दलीय चुनाव लड़ रहे हैं। कांग्रेस ने इस सीट से 31 साल की अनुराधा को उतारा है। बहरहाल इस सीट पर त्रिकोणीय मुकाबला हो गया है।
@k1