नाहन, 8 मई : ये मामला, नाहन विकास खंड की विक्रमबाग पंचायत से जुड़ा हुआ है। एक अदद संपर्क मार्ग के लिए ग्रामीणों को बरसों इंतजार करना पड़ता है। बजट भी उपलब्ध हो, साथ ही तमाम औपचारिकता भी पूरी हो जाएं, बावजूद इसके भी काम लटका दिया जाए तो ग्रामीणों में गुस्सा स्वाभाविक है।
दरअसल, पंचायत में सफेदा से डाडुवाला तक इंटरलॉकिंग टाइल बिछाने का कार्य मंजूर हुआ था। लगभग 27 लाख की राशि भी मंजूर हुई। एक बार टाइलें बिछा दी गई थी, लेकिन बीडीओ कार्यालय की टीम ने इसे लैवलिंग के बाद रि इंस्टॉल करने के निर्देश दिए। ग्रामीणों की मानें तो इसके बाद कार्य शुरू ही नहीं हुआ।
ग्रामीणों का कहना था कि समस्या तस की तस है। पहले बजट उपलब्धता को लेकर रोना रोया जाता था, लेकिन अब मस्टोल तक भी स्वीकृत है। इसके बावजूद कार्य नहीं किया जा रहा है। इसी बीच पंचायत प्रधान नरेंद्र से संपर्क किया गया। प्रधान ने कहा कि ग्रामीणों की बात जायज है। कार्य में विलंब हुआ है।
उन्होंने कहा कि गेहूं की कटाई की वजह से लेबर की उपलब्धता में दिक्कत हो रही है। प्रधान ने कहा कि जल्द ही कार्य शुरू किया जाएगा। साथ ही इसे समयबद्ध तरीके से पूरा भी किया जाएगा। @K1