हमीरपुर, 7 मई : मंगलवार को हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड ने दसवीं का परिणाम घोषित किया है। हमीरपुर जिला के नादौन की बेटी रिद्धिमा ने प्रदेश भर में टॉप कर इतिहास रच दिया है। मेधावी बेटी की हर जगह प्रशंसा हो रही है। रिद्धिमा नादौन के सरकारी सीनियर सेकेंडरी स्कूल की छात्रा हैं। रिद्धिमा ने 700 में से 699 अंक प्राप्त किए हैं। कड़ी मेहनत के बूते निजी स्कूलों को पछाड़ कर रिद्धिमा ने न केवल स्कूल, माता-पिता व जिला का नाम भी रोशन किया है।
एमबीएम से खास बातचीत में रिद्धिमा ने बताया कि उन्होंने दसवीं की परीक्षा कड़ी मेहनत से दी थी। लेकिन उन्हें यह उम्मीद नहीं थी कि वह प्रदेश में पहला स्थान हासिल करेंगी। उन्होंने बताया कि उनका सपना डॉक्टर बनना है। रिद्धिमा ने बताया कि इस उपलब्धि के लिए वह ईश्वर के साथ-साथ गुरुजनों व माता-पिता का शुक्रिया करना चाहती हैं, जिन्होंने उसे कदम कदम पर सहयोग दिया।
रिद्धिमा की अभूतपूर्व सफलता के साथ-साथ हमीरपुर से 19 बच्चों ने मेरिट सूची में अपनी जगह बनाई है। इसमें 15 लड़कियां व 4 लड़के शामिल हैं। इनमें 5 सरकारी स्कूल के विद्यार्थी और 14 निजी स्कूल के विद्यार्थी हैं।
उल्लेखनीय है कि पिछले कुछ सालों से हमीरपुर से काफी कम बच्चे दसवीं की मेरिट सूची में आ पाते थे। लेकिन इस बार हमीरपुर से 19 होनहारों ने दसवीं की मेरिट सूची में अपना नाम दर्ज करवाया है। 10वीं रिजल्ट की मेरिट लिस्ट के मुताबिक हमीरपुर जिले की रिद्धिमा शर्मा इस साल की स्टेट टॉपर हैं। रिद्धिमा ने 99.86 % अंकों के साथ प्रदेश भर में टॉप किया है।
वहीं, इस बार 10वीं का रिजल्ट पिछली बार से 15 फीसदी कम रहा है, जहां इस वर्ष रिजल्ट 74.61% रहा है। हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड के तहत साल 2023 में 91,440 परीक्षार्थियों ने 10वीं कक्षा की परीक्षा दी थी। इसमें 81,732 छात्र पास हुए थे और 7,534 विद्यार्थी फेल हो गए थे।
@R1