चम्बा, 20 अप्रैल : हिमाचल प्रदेश के चंबा जिला में एक दर्दनाक सड़क हादसा पेश आया है। यहां चकोली-कंधवारा-हिमगिरि मार्ग पर खड़जोता पंचायत के लाहरा के समीप एक आल्टो कार अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी। दुर्घटना में खड़जोता पंचायत के उप प्रधान समेत दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक गंभीर रूप से घायल हुआ है। पुलिस ने मामला दर्ज कर दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के मुताबिक लाहरा से ढला की ओर जा रही आल्टो लाहरा जीरो प्वाइंट के समीप खाई में जा गिरी। आवाज सुनते ही स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे उन्होंने पुलिस को सूचित किया। लोगों की मदद से घायलों को किहार अस्पताल पहुंचाया गया। जहां डॉक्टरों ने दो लोगों को मृत घोषित कर दिया, जबकि घायल अस्पताल में भर्ती है।
बताया जा रहा है कि हादसा देर रात पेश आया है। मृतकों की पहचान खडज़ौता पंचायत के उपप्रधान नागेश, गांव सियूल और डिपो होल्डर चतरो राम, गांव लाहरा तहसील सलूणी के तौर पर हुई है, जबकि दुर्घटना में कुलदीप पुत्र भागमन, गांव ढल्ला घायल हुआ है। फ़िलहाल पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है।@K1