ऊना, 11 अप्रैल : उप मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री के गृह विधानसभा क्षेत्र हरोली में वीरवार को ब्लॉक कांग्रेस कमेटी द्वारा कार्यकर्ता सम्मेलन का आयोजन किया गया। उप मुख्यमंत्री की धर्मपत्नी डॉक्टर सिम्मी अग्निहोत्री के निधन के बाद पहली बार हो रही ब्लॉक कांग्रेस कमेटी की बैठक में उन्हें विशेष रूप से याद किया गया और 2 मिनट का मौन रखकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने उन्हें श्रद्धांजलि भी अर्पित की। इस बैठक में जहां उप मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे वहीं कांग्रेस के संभावित प्रत्याशी एवं पूर्व विधायक सतपाल रायजादा भी विशेष रूप से हाजिर हुए। बैठक की अध्यक्षता ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष विनोद कुमार बिट्टू ने की।
इस मौके पर उपमुख्यमंत्री एक बार फिर अपने पुराने रंग में दिखे और उन्होंने भाजपा पर कई ताबड़तोड़ हमले भी किए। उन्होंने कहा कि जिन परिस्थितियों में हिमाचल प्रदेश में यह चुनाव हो रहा है यह टेबल टर्न चुनाव है और पूरा माहौल कांग्रेस के पक्ष में आ चुका है। उन्होंने कहा कि भाजपा को हिमाचल प्रदेश की चुनी हुई सरकार गिराने का प्रयास करने के लिए प्रदेश की जनता से माफी मांगनी चाहिए। उप मुख्यमंत्री ने प्रदेश के तीन निर्दलीय विधायकों को भी निशाने पर लिया और कहा कि वह जनता को यह बताएं कि वह किस लिए अपना पद छोड़ रहे हैं और जनता को आश्वस्त करें कि वह वापस चुनाव में नहीं उतरेंगे। उन्होंने कहा कि विधायकी छोड़कर वापस विधायक के चुनाव के लिए लड़ना प्रदेश की जनता के साथ धोखा है और जनता ऐसे नेताओं को माफ करने वाली नहीं है।
भारतीय जनता पार्टी द्वारा कांग्रेस के चुनावी घोषणा पत्र को मुस्लिम लीग का घोषणा पत्र करार दिए जाने और सांप्रदायिकता के आरोप लगाने पर भी उपमुख्यमंत्री ने पलटवार किया। उन्होंने कहा कि आज ईद का मुबारक मौका है और इन परिस्थितियों में किसी भी संप्रदाय विशेष के खिलाफ टिप्पणी नहीं करनी चाहिए। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी सेकुलर पार्टी है और हर वर्ग को साथ लेकर चलने में विश्वास रखती है।
उन्होंने कहा कि भाजपा अपने ही चक्रव्यूह में बुरी तरह फंस चुकी है भाजपा की हर प्रकार की होशियारी पूरी तरह फेल रही है और अब इस तरह के आरोप लगाकर सांप्रदायिक आधार पर अपनी राजनीतिक जमीन बचाने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि पहली बार भाजपा का मिशन लॉट्स फेल हुआ है और हिमाचल प्रदेश में तो भाजपा का मिशन लोटस औंधे मुंह गिर चुका है।