सोलन, 10 अप्रैल : भारतीय जनता पार्टी प्रदेश अध्यक्ष डॉ राजीव बिंदल ने प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए कहा कि जो घोषणापत्र कांग्रेस पार्टी ने जारी किया है, वह कांग्रेस के खोखलेपन को स्पष्ट रूप से दिखाता है। घोषणा पत्र में एक ही बात कही है, मोदी हटाओ, यानी कांग्रेस का लक्ष्य है, मोदी हटाओ और मोदी का लक्ष्य देश का विकास करो। कांग्रेस टूटती चली गई, बिखरती चली गई, परन्तु एक परिवार की चिंता इन्होंने की। 450 सांसदों को लेकर चलने वाली पार्टी 28 राज्यों में सत्ता हासिल करने वाली पार्टी आज 40 से नीचे आ गई है और यह 4 जून को 30 के नीचे जाने वाली है। कांग्रेस सरकार का यह घोषणा पत्र धोखा है।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस की राष्ट्रीय अध्यक्षा कहती है कि हमने हिमाचल में गारंटियां पूरी कर दी और हम देश में ये गारंटियां लागू कर रहे हैं अर्थात देश की जनता को अंधेरे व धोखे में रखकर वोट लेने का एकमात्र प्रयास है। कांग्रेस पार्टी का घोषणापत्र पूरी तरह से तुष्टिकरण से भरा हुआ है। 50 प्रतिशत से ऊपर आरक्षण देंगे, जातिगत आधार के ऊपर आरक्षण को और बढ़ाएंगे, मुस्लिम अल्पसंख्यकों को आरक्षण देंगे।
प्रदेश अध्यक्ष डॉ राजीव बिंदल ने कांग्रेस पार्टी पर आरोप लगाते हुए कहा कि 65 साल देश मेंं राज़ करने वाली पार्टी आज देश को दोबारा से विभाजन के कगार पर खड़ी करती हुई दिखाई देती है। जिसतरह से उन्होंने घोषणा पत्र के अंदर अपनी बातों को स्पष्ट किया है।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने देश के विभाजन करने का पाप किया था, कश्मीर समस्या की जनक कांग्रेस है। धारा 370 लगाई, 35-ए लगाकर विभाजन के कगार पर खड़ा कर दिया। धारा 370 हटा कर देश को मजबूत करने का काम मोदी ने किया है। कांग्रेस सरकार के 2004 से 14 और मोदी सरकार के 2014-24 के 10 साल की तुलना करे तो 2004-14 घोटालों की सरकार रही है।
हिमाचल में फ़ोर लेन व नेशनल हाइवेज के लिए केन्द्रीय मंत्री नितिन गडकरी एक लाख करोड़ देकर गए। 42 हजार करोड़ रुपए के फोरलेन नेशनल हाईवे, जिसमें कालका-शिमला, पिंजौर-नालागढ, कीरतपुर-मनाली, कांगड़ा-शिमला और पठानकोट-मंडी शामिल हैं।
@R1