हमीरपुर, 3 अप्रैल : पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर, राजेंद्र राणा, इंद्र दत्त लखनपाल, देवेंद्र कुमार भुट्टो, होशियार सिंह के बाद अब सुधीर शर्मा ने भी धूमल दरबार में हाजिरी लगाई है। बुधवार को हिमाचल प्रदेश में होने वाले विधानसभा उपचुनाव में धर्मशाला से घोषित बीजेपी प्रत्याशी सुधीर शर्मा ने पूर्व मुख्यमंत्री प्रेम कुमार धूमल से उनके निवास स्थान समीरपुर में पहुंचकर जहां शिष्टाचार भेंट की वहीं चरण स्पर्श कर उनका आशीर्वाद प्राप्त किया। अपने निवास स्थान पहुंचे सुधीर शर्मा सहित अन्य भाजपा पदाधिकारियों का पूर्व मुख्यमंत्री ने जहां स्वागत किया वहीं सुधीर शर्मा को विश्व की सबसे बड़ी पार्टी का सदस्य बनने की बधाई एवं शुभकामनाएं दी।
इस दौरान दोनों नेताओं के बीच करीब 30 मिनट तक वार्तालाप हुई। हालांकि वार्तालाप के मध्य विशेष रूप से क्या बातचीत हुई इसको लेकर कोई बात सामने नहीं आई है।
सुधीर शर्मा ने कहा कि उन्होंने भारतीय जनता पार्टी का दामन थामा है क्योंकि भारतीय जनता पार्टी जो कहती है वह करती है। भारतीय जनता पार्टी का शीर्ष नेतृत्व जिसने हमारे साथ जो कमिटमेंट की उसे उन्होंने पूरा किया और सौभाग्य की बात है कि विकसित भारत में उनका योगदान भी भाजपा पार्टी का सदस्य बनकर होगा आज भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ एवं प्रदेश के दो बार के मुख्यमंत्री रहे प्रेम कुमार धूमल से मिलकर जहां उनसे शिष्टाचार भेंट की है। वही उनका आशीर्वाद लिया है। लोकसभा एवं विधानसभा उपचुनाव में पूर्व मुख्यमंत्री का मार्गदर्शन और आशीर्वाद बेहद जरूरी था। जिसके चलते वह यहां पहुंचे थे।
बताते चले की पूर्व मुख्यमंत्री प्रेम कुमार धूमल ने दो दिन पहले ही यह बात जगजाहिर कर दी थी कि जहां-जहां भारतीय जनता पार्टी के उम्मीदवार कमल चुनाव चिन्ह के साथ मैदान में उतरेंगे उनकी जीत सुनिश्चित करने में कोई कसर नहीं छोड़ी जाएगी। हर कमल के चुनाव चिन्ह वाला प्रत्याशी हमारा प्रत्याशी है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी तीसरी बार देश की बागडोर संभालेंगे और हिमाचल में होने वाले लोकसभा एवं विधानसभा उपचुनाव में भारतीय जनता पार्टी के सभी उम्मीदवार जीत दर्ज करेंगे।