नाहन, 24 मार्च : सोचिए, आपके परिवार का सदस्य 25 साल से लापता है, अचानक ही सैंकड़ों मील दूर से एक कॉलर बताता है कि वो जीवित है तो निश्चित तौर पर आपकी ख़ुशी का ठिकाना चरम पर होगा। वैसे तो ये फ़िल्मी भी लगता है, लेकिन सिरमौर की रोनहाट पुलिस ने रियल लाइफ में राजस्थान एक परिवार की खुशियों को लौटा कर नेक कार्य किया है।
खास बात ये है कि एक बेटी जो पिता के सुरक्षित मिलने को लेकर उम्मीद न के बराबर थी। उसे हिमाचल की रोनहाट पुलिस ने होली के त्यौहार पर जिंदगी के असल रंगों की सौगात दी है।
23 मार्च 2024 को हेड कांस्टेबल नवीन कुमार व कांस्टेबल विकेन्द्र राणा पनोग गांव की तरफ निकले थे। पनोग बाजार में गंदे कपड़े पहने एक व्यक्ति घूमता हुआ मिला, जिसके बारे मे स्थानीय लोगों ने बताया कि यह व्यक्ति पिछले 4-5 वर्षो से पनोग में रह रहा है तथा घर के बारे में कुछ नहीं बता पाता है। अलबत्ता खुद को राजस्थान का रहने वाला बताया है। पुलिस कर्मियों का दिल पसीज गया, ये प्रण लिया कि शख्स को उसके घर पहुंचा कर ही दम लेंगे।
प्रयास शुरू किया तो व्यक्ति से भरसक कोशिश में ये जानकारी हासिल करने में सफल हो गए कि उसका नाम पृथ्वी सिंह है, उसके गांव का नाम भादवासी है। गूगल मैप (Google Map) पर सर्च करने पर पता चला कि ये गांव राजस्थान के सीकर जिला मे है। इसके बाद राजस्थान पुलिस की मदद से गांव के सरपंच से सम्पर्क किया गया। पृथ्वी सिंह की फोटो Whatsapp के माध्यम से भेजी गई।
स्थानीय पुलिस को शख्स के बारे में चौंकाने वाली जानकारी मिली। इसके मुताबिक पृथ्वी सिंह पुत्र नारायण सिंह पिछले 25-26 वर्षो से लापता है। फिर पृथ्वी सिंह के परिजनों का मोबाइल नंबर हासिल किया गया। पुलिसकर्मियों द्वारा पृथ्वी सिंह को पुलिस चौकी रोनहाट लाया गया, इसके बाद नहला कर नए कपड़े पहनाए गए।
रविवार की होली के पर्व की पूर्व संध्या पर पृथ्वी सिंह की पुत्री नरेश कंवर पत्नी बलबीर सिंह निवासी ढिगाल जिला नागौर( राजस्थान) के सुपुर्द किया गया। वो पिता को लेने रिश्तेदारों सहित रोनहाट पहुंची थी। पृथ्वी सिंह के साले पर्वत सिंह ने बताया कि 1998 में पृथ्वी सिंह की पत्नी दिवंगत संतोष कंवर का निधन हो गया था। इसके बाद पृथ्वी सिंह मानसिक संतुलन खो बैठा। पत्नी की मृत्यु के करीब 6 माह बाद 1998 में लापता हो गया था।
पृथ्वी सिंह के पास एक लडका व एक लडकी थी। बेटे शिवराज की 2013 में एक सड़क हादसे मे मृत्यु हो गई थी। पृथ्वी सिंह की बेटी नरेश कंवर ने करीब 26 वर्षो के बाद पिता से मिलने पर बेटी भावुक हो गई। पृथ्वी सिंह की बेटी ने हिमाचल प्रदेश पुलिस का आभार व्यक्त किया।