मायका पक्ष ने ससुराल वालों पर लगाए ये आरोप…
बिलासपुर, 11 मार्च : जनपद के औद्योगिक क्षेत्र ग्वालथाई में 24 वर्षीय विवाहिता ने फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
मिली जानकारी के अनुसार समतेहण गांव की एक 24 वर्षीय उषा देवी की शादी ग्वालथाई के रवि कुमार से हुई थी। सूचना मिलने के बाद उषा के मायका पक्ष ग्वालथाई पहुंचे। मृतका उषा देवी के परिजनों का कहना है कि उषा के ससुराल वाले उसकी बेटी को तंग करते थे। उषा देवी के परिजनों ने आरोप लगाया कि ससुराल वालों ने गला घोंटकर उसकी हत्या की है।
उधर, सूचना मिलते ही डीएसपी नैना देवी विक्रांत बोंसरा घटनास्थल पर पहुंचे। उन्होंने कहा कि मायका पक्ष की मांग पर ससुराल वालों को गिरफ्तार करके पूछताछ के लिए थाना कोट ले जाया गया है। एसएचओ कोट भाग सिंह ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और मृतका का पोस्टमार्टम करवाकर शव परिजनों को सौंप दिया गया है।