शिमला, 06 मार्च : मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू ने बुधवार को हमीरपुर के बस अड्डे की आधारशिला रखने के उपरान्त पक्का भरो में जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि हमीरपुर बस अड्डे का कार्य लगभग 15 वर्षों से लम्बित था। इस अड्डे से संबंधित सभी प्रक्रियाओं को प्राथमिकता के आधार पर पूरा किया गया और 65 करोड़ रुपए से इसका निर्माण कार्य डेढ़ वर्ष में पूरा कर लिया जाएगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि वह जिले के विधायकों के साथ विकासात्मक परियोजनाओं पर कार्य कर रहे थे। उन्होंने कभी कल्पना भी नहीं की थी कि इन्हीं में से कुछ लोग अचानक सरकार के खिलाफ हो जाएंगे। इन लोगों ने सिर्फ सरकार या पार्टी से ही नहीं, बल्कि अपने विधानसभा क्षेत्रों के लोगों के साथ भी धोखा किया है। विधानसभा के बजट सत्र के दौरान विपक्ष के रवैये की कड़ी आलोचना करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि भाजपा नेता नहीं चाहते थे कि बजट पारित हो और इसके लिए वे कई अलोकतांत्रिक हथकंडे अपना रहे थे। उन्होंने कहा कि प्रदेश की जनता ने 5 वर्ष के लिए सरकार चुनी है और उनकी सरकार पूरे 5 साल तक जनता की सेवा करेगी।
इससे पूर्व मुख्यमंत्री ने 77 करोड़ रुपए की विकासात्मक परियोजनाओं के लोकार्पण और शिलान्यास किए। उन्होंने पक्का भरो के निकट लगभग 65 करोड़ रुपए की लागत से बनने वाले आधुनिक बस अड्डे के शिलान्यास के अलावा लगभग 2.62 करोड़ रुपए की लागत से बनने वाले पशुपालन विभाग के आवासीय भवन, 1.49 करोड़ रुपए की अनुमानित लागत के लोक निर्माण विभाग के आवासीय भवन और 1.50 करोड़ रुपए की जटियाणा घिरथां उठाऊ जलापूर्ति योजना के शिलान्यास भी किए।
मुख्यमंत्री ने 2.23 करोड़ रुपए से निर्मित जिला कल्याण अधिकारी कार्यालय भवन, गर्ल्स स्कूल हमीरपुर में 2.40 करोड़ रुपए से बने साइंस ब्लॉक, 2.48 करोड़ के विजिलेंस थाना भवन, 1.38 करोड़ के आईटीआई भवन और 48 लाख रुपए की लागत से रकड़ियाल में निर्मित वन स्टॉप सेंटर का लोकार्पण भी किया।
मुख्यमंत्री ने हिमाचल पथ परिवहन निगम की अवाहदेवी-हमीरपुर-अयोध्या बस सेवा को भी हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।इस अवसर पर कांगड़ा केंद्रीय सहकारी बैंक के अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया ने भी अपने विचार प्रस्तुत किए। पूर्व मंत्री राम लाल ठाकुर ने मुख्यमंत्री को मुख्यमंत्री सुख आश्रय कोष के लिए श्री नैना देवी मंदिर न्यास की ओर से एक करोड़ रुपए का चेक और बाबा बालक नाथ मंदिर शाहतलाई न्यास की ओर से 50 लाख रुपए का चेक भेंट किया।
इस अवसर पर विधायक संजय रतन, सुरेश कुमार और मलेंद्र राजन, कांगड़ा केंद्रीय सहकारी बैंक के अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया, पूर्व विधायक अनीता वर्मा और मनजीत डोगरा, कांगड़ा सहकारी प्राथमिक कृषि एवं ग्रामीण विकास बैंक के अध्यक्ष राम चंद्र पठानिया, एपीएमसी के अध्यक्ष अजय शर्मा, जिला कांग्रेस अध्यक्ष सुमन भारती, वरिष्ठ कांग्रेस नेता डॉ. पुष्पेंद्र वर्मा, हिमाचल पथ परिवहन निगम के प्रबन्ध निदेशक रोहन चंद ठाकुर, उपायुक्त अमरजीत सिंह, विजिलेंस के डीआईजी राहुल नाथ, पुलिस अधीक्षक पदम चंद, अन्य अधिकारी, कांग्रेस के पदाधिकारी और अन्य गणमान्य लोग भी उपस्थित थे।