सोलन, 5 मार्च : जनपद के कसौली में सोमवार देर रात भूस्खलन की चपेट में आने से दो मजदूरों की दबने से मौत हो गई है। मिली जानकारी के अनुसार कसौली विधानसभा क्षेत्र के तहत आने वाली पंचायत गुल्हाड़ी के गाहर गांव में एक निजी कंपनी द्वारा फ्लैटस का निर्माण किया जा रहा है।
निर्माण कार्य में लगे मजदूर निर्माणाधीन फ्लैटस के पास ही अस्थाई शैड बनाकर रह रहे हैं। सोमवार देर रात करीब साढ़े 12 बजे लैंडस्लाइड के चलते भारी मात्रा में पहाड़ी से मलबा मजदूरों के अस्थाई शैड पर आ गिरा। इस दौरान दो मजदूर मलबे में दब गए। हालांकि, घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस दल मौके पर पहुंच कर बचाव कार्य में जुट गया था। मलबे से मजदूरों को निकाल कर एमएमयू अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी।