नाहन,03 मार्च : “शंखनाद संगठन” 10 मार्च को नाहन में कला भाषा एवं संस्कृति अकादमी शिमला के सहयोग से राज्यस्तरीय भव्य आयोजन कर रहा है। ज़िसमें प्रदेशभर में साहित्य, संगीत, कला , रंगमंच, मीडिया व लेखन के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाली 14 विभूतियों को सम्मानित किया जाएगा।
शंखनाद संगठन के प्रदेश अध्यक्ष ललित शर्मा व निदेशक डॉ श्रीकांत अकेला के अनुसार इस भव्य अलंकरण समारोह में सेवानिवृत आईएएस अधिकारी कश्मीर चन्द मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे, जबकि प्रसिद्ध लेखक व भाषा संस्कृति विभाग के पूर्व अनुसंधान अधिकारी, भाषाविद गोपाल दिलैक समारोह की अध्यक्षता करेंगे।
विशिष्ट सम्मान समारोह में पूर्व अतिरिक्त सचिव विधि विभाग, प्रसिद्ध चिंतक राजेन्द्र भट्ट, प्रसिद्ध समाजसेवी विनोज शर्मा और भारत विकास परिषद नाहन के अध्यक्ष और समाजसेवी एलआर भारद्वाज समारोह के विशिष्ट अतिथि होंगे। संस्था के पदाधिकारियों के अनुसार इस समारोह में प्रथम सत्र में गीत संगीत और सम्मान समारोह होगा। दूसरे सत्र में साहित्यिक गोष्ठी आयोजित की जायेगी, जिसकी अध्यक्षता प्रदेश की वरिष्ठ साहित्यकार शबनम शर्मा करेंगी। कार्यक्रम संचालक के रूप में प्रसिद्ध मंच संचालक भुवन जोशी और अनिल शर्मा शामिल होंगे।
ये होंगे सम्मानित…. समारोह में साहित्य लेखन के क्षेत्र में सोलन के डॉ प्रेमलाल गौतम,साहित्य लेखन के क्षेत्र में मंडी की प्रसिद्ध लेखिका डॉ रेखा वशिष्ठ ,लेखन और समीक्षा के क्षेत्र में कांगडा के विजय उपाध्याय, रंगमच में नाहन के राकेश शर्मा ,कला के क्षेत्र में सोलन के डॉ.चमन शर्मा, लोक संगीत के लिए संगड़ाह के हरिचन्द ठाकुर, शास्त्रीय संगीत के लिए मनोज कुमार ,साहित्य लेखन के लिए नाहन की अनुदीप भारद्वाज, कहानी लेखन में सिरमौर की लेखिका विजय रानी बंसल, संगीत के लिए डॉ.मृत्युंजय शर्मा, सकारात्मक पत्रकारिता के क्षेत्र में अरुण साथी और एमबीएम न्यूज़ नेटवर्क की वरिष्ठ उप संपादक रेणु कश्यप, साहित्य के लिए डॉ. कुलदीप भाटिया ,लोक संस्कृति के संरक्षण के लिए आरती शर्मा को शंखनाद विशिष्ट सम्मान सिरमौर गौरव -2024 प्रदान किया जाएगा।
बता दें कि रेणु कश्यप सिरमौर में महिला पत्रकारिता में सबसे वरिष्ठ है, वो करीब 15 सालों से इस क्षेत्र से जुड़ी हुई हैं। हिमाचल के पहले डिजिटल मीडिया समूह एमबीएम न्यूज़ नेटवर्क की स्थापना में अहम भूमिका निभाई है।